
मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के बेझा चौड़ में 30 मार्च को एक युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। घटना में शामिल आरोपी युवती के प्रेमी और उसके दोस्त पाए गए हैं। दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त बाइक, युवती की साइकिल और दोनों आरोपियों के मोबाइल जब्त कर लिए गए हैं।
बाजार जाने निकली थी युवती
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि युवती बीते 30 मार्च को सकरा बाजार के लिए साइकिल से निकली थी, लेकिन बाद में उसका शव बेझा चौड़ में बरामद हुआ। पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सकरा थाना क्षेत्र के किशन कुमार और सरमस्तपुर के पिंटू कुमार के रूप में की है। किशन कुमार युवती का प्रेमी था, जबकि पिंटू उसका दोस्त था।
प्रेम प्रसंग में हत्या
जांच में सामने आया कि घटना के पीछे प्रेम प्रसंग था। किशन कुमार ने युवती को बुलाया था। जब दोनों में विवाद हुआ, तो किशन कुमार और पिंटू कुमार ने मिलकर युवती का गला दबाकर हत्या कर दी और शव वहीं छोड़ फरार हो गए।
घटना का पूरा क्रम
सूत्रों के अनुसार, किशन कुमार और मृतक युवती के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। घटना के दिन युवती साइकिल से प्रखंड कार्यालय के पास पहुंची, जहां किशन कुमार और उसका दोस्त पहले से ही मौजूद थे। युवती की किसी मांग को लेकर विवाद हुआ और किशन कुमार ने अपने दोस्त के साथ मिलकर युवती की हत्या कर दी।
आरोपी न्यायिक हिरासत में
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है। पुलिस ने बताया कि कानून के हाथ लंबे होते हैं और अपराधी कितने भी शातिर क्यों न हों, बच नहीं सकते।


