
मुजफ्फरपुर, 31 मार्च 2026: शहर के सदर थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भगवानपुर सब्जी मंडी के पास एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना हुनमान मंदिर के निकट करीब शाम 7 बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक युवक पिछले करीब आधे घंटे से युवती के साथ बैठकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि युवक ने अचानक पिस्टल निकालकर युवती के सिर में गोली मार दी।
घटना के बाद मची अफरातफरी
गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। मौके पर मौजूद लोग सहम गए और आरोपी युवक घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर जल्द से जल्द उसे गिरफ्तार किया जा सके।
प्रेम-प्रसंग में हत्या की आशंका
सिटी एसपी मो. मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, अभी तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे जांच में कुछ कठिनाई आ रही है।
पुलिस का कहना है कि युवती की पहचान होते ही पूरे मामले की कड़ियां और स्पष्ट हो जाएंगी। साथ ही, आरोपी की तलाश के लिए विभिन्न टीमों का गठन कर छापेमारी की जा रही है।
इलाके में दहशत का माहौल
घटना के बाद भगवानपुर सब्जी मंडी और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा किया जाएगा।


