सेमेस्टर–4 हिंदी परीक्षा रद्द, छात्रों के विरोध के आगे झुका विश्वविद्यालय प्रशासन

भागलपुर:तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के अंतर्गत आने वाले टी.एन.बी. महाविद्यालय, मारवाड़ी महाविद्यालय एवं बी.एन. महाविद्यालय में आयोजित सेमेस्टर–4 हिंदी विषय की परीक्षा को छात्रों के कड़े विरोध के बाद रद्द कर दिया गया। यह परीक्षा सोमवार को प्रथम पाली में आयोजित की गई थी।

परीक्षा शुरू होते ही छात्रों ने आरोप लगाया कि हिंदी विषय का प्रश्नपत्र निर्धारित पाठ्यक्रम (सिलेबस) से बाहर का है। प्रश्नपत्र देखकर छात्र आक्रोशित हो गए और उन्होंने परीक्षा कक्ष में ही विरोध दर्ज कराना शुरू कर दिया। छात्रों का कहना था कि इस तरह के प्रश्नपत्र से उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

जब कॉलेज प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया कि परीक्षा विश्वविद्यालय के आदेशानुसार ली जा रही है, तब छात्रों का आक्रोश और बढ़ गया। इसके बाद छात्रों ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से संपर्क किया।

सूचना मिलते ही एबीवीपी टी.एन.बी. महाविद्यालय अध्यक्ष श्री सुमित सिंह छात्रों से मिले और उनके साथ मिलकर परीक्षा नियंत्रक कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र एवं एबीवीपी कार्यकर्ता मौजूद रहे और परीक्षा रद्द करने की मांग पर अड़े रहे।

घेराव के बाद परीक्षा नियंत्रक ने छात्रों एवं एबीवीपी प्रतिनिधियों से वार्ता की। लंबी बातचीत के पश्चात विश्वविद्यालय प्रशासन ने सेमेस्टर–4 हिंदी विषय की परीक्षा रद्द करने की घोषणा की। साथ ही प्रशासन की ओर से यह भी आश्वासन दिया गया कि नई तिथि पर पुनः परीक्षा आयोजित की जाएगी तथा प्रश्नपत्र तैयार करने में हुई लापरवाही के लिए दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।

इस संबंध में एबीवीपी टी.एन.बी. महाविद्यालय अध्यक्ष श्री सुमित सिंह ने कहा कि

“छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सिलेबस से बाहर प्रश्न आना विश्वविद्यालय प्रशासन की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। एबीवीपी ने छात्रों के हित में आवाज उठाई, जिसके परिणामस्वरूप परीक्षा रद्द हुई। हमारी मांग है कि दोषी अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई हो और अगली परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ कराई जाए।”

परीक्षा रद्द किए जाने की घोषणा के बाद छात्रों में संतोष और राहत का माहौल देखा गया। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जल्द ही हिंदी विषय की नई परीक्षा तिथि घोषित किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

इस दौरान एबीवीपी नगर सह मंत्री सोहम शुभम सहित लक्ष्मण, जगजीवन, अंकुश, हर्ष एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

  • Related Posts

    भागलपुर में ‘पावरलूम’ की आड़ में मौत का सामान: रहमतबाग में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़; मुंगेर से जुड़े हैं तार, 5 गिरफ्तार

    Share Add as a preferred…

    Continue reading