भीषण शीतलहर के चलते स्कूल–कॉलेज के समय में बदलाव, जिला प्रशासन ने जरूरतमंदों के बीच बांटे कंबल

भागलपुर समेत बिहार के 19 जिलों में जारी भीषण शीतलहर और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार गिरते तापमान और कम होती विजिबिलिटी के बीच जिला प्रशासन ने लोगों को राहत पहुंचाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। ठंड से बचाव के लिए जहां एक ओर स्कूल और कॉलेजों के समय में बदलाव किया गया है, वहीं दूसरी ओर जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण और चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था की गई है।

शीतलहर को देखते हुए भागलपुर जिला प्रशासन द्वारा शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर अलाव जलवाए गए हैं, ताकि राहगीरों, रिक्शा चालकों, ठेला चालकों और रात्रि में काम करने वाले लोगों को ठंड से राहत मिल सके। अलाव की व्यवस्था का लाभ लेकर आम लोग ठिठुरन भरी रात गुजार रहे हैं।

इसी क्रम में जिलाधिकारी , सदर एसडीएम विकास कुमार एवं नगर आयुक्त शुभम कुमार सहित जिला प्रशासन की टीम ने भागलपुर रेलवे स्टेशन पहुंचकर जरूरतमंदों और बेसहारा लोगों के बीच कंबल का वितरण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में गरीब और असहाय लोगों को ठंड से बचाव के लिए कंबल उपलब्ध कराए गए।

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अलाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में ठंड के कारण लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए और जरूरतमंदों तक हरसंभव सहायता पहुंचाई जाए।

शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूल और कॉलेजों के समय में भी बदलाव किया है, ताकि बच्चों और छात्रों को ठंड और कोहरे में परेशानी न हो। प्रशासन का कहना है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी अतिरिक्त कदम उठाए जाएंगे।

प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे ठंड और कोहरे के दौरान सावधानी बरतें, बेवजह घर से बाहर निकलने से बचें और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे आएं। जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इस राहत अभियान से शीतलहर के बीच लोगों को काफी सहारा मिल रहा है।

  • Related Posts

    सहरसा में कलयुगी बेटों का खूनी खेल: जेल में बंद बेटे ने दी पिता की 4 लाख की सुपारी; शूटर और बड़ा भाई गिरफ्तार, हथियार बरामद

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    लक्ष्मीपुर में ‘अपहरण’ का द एन्ड: बंगाल के व्यवसायी को स्कॉर्पियो से ले जा रहे थे अपराधी; पुलिस ने दबोचा, बेहोश करने वाली गोलियां मिलीं

    Share Add as a preferred…

    Continue reading