
भागलपुर:सबौर प्रखंड अंतर्गत ममलखा पंचायत में सरकार द्वारा संचालित ग्रामीण बाजार विकास अभियान के तहत हाट बाजार के नवनिर्माण एवं विकास कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। इस योजना के अंतर्गत हाट परिसर में सेड (शेड) निर्माण एवं चारदीवारी निर्माण कराया जाएगा, जिससे वर्षों से अव्यवस्थित और असुविधाजनक स्थिति में कारोबार कर रहे दुकानदारों एवं ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त ने कहा कि हाट बाजार ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ होता है। उन्होंने बताया कि अब तक कई दुकानदार जमीन पर बैठकर या खड़े-खड़े सामान बेचने को मजबूर थे, लेकिन सेड निर्माण के बाद उन्हें एक बेहतर, सुरक्षित और व्यवस्थित प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा। इससे दुकानदार सम्मानजनक ढंग से बैठकर अपना व्यवसाय कर सकेंगे।
डीडीसी प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल बाजार का निर्माण करना नहीं है, बल्कि ग्रामीण व्यापारियों को सुविधा, सुरक्षा और सम्मान प्रदान करना है। बेहतर हाट बाजार विकसित होने से जहां एक ओर दुकानदारों को लाभ मिलेगा, वहीं दूसरी ओर खरीदारी करने आने वाले ग्रामीणों को भी स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुरक्षित वातावरण प्राप्त होगा।
हाट बाजार विकास कार्य को लेकर ममलखा पंचायत के ग्रामीणों और व्यापारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने सरकार के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि यह उनकी वर्षों पुरानी मांग थी, जो अब पूरी हो रही है। ग्रामीणों का मानना है कि हाट बाजार के विकास से स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी।
इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधि, प्रखंड स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। हाट बाजार के विकसित होने से न केवल व्यापारिक गतिविधियां सुदृढ़ होंगी, बल्कि ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने की भी उम्मीद जताई जा रही है।


