SBI ग्राहकों के लिए अलर्ट: मई के अंत में लगातार 4 दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका, हड़ताल और अवकाश से कामकाज ठप

देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक State Bank of India (SBI) के ग्राहकों के लिए मई महीने के अंत में परेशानी बढ़ सकती है। बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल और पूर्व निर्धारित अवकाश के चलते लगातार चार दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहने की संभावना जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बैंक कर्मचारियों के संगठन All India State Bank of India Staff Federation (AISBISF) ने अपनी लंबित मांगों को लेकर 25 और 26 मई को देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। इससे पहले 23 मई को चौथा शनिवार और 24 मई को रविवार होने के कारण बैंकिंग कार्यों पर लगातार असर पड़ सकता है।

अगर हड़ताल तय कार्यक्रम के अनुसार होती है, तो बैंक शाखाओं में चार दिनों तक कामकाज लगभग ठप रहने की स्थिति बन सकती है। वहीं, यदि कर्मचारियों की मांगों पर कोई समाधान नहीं निकलता है, तो हड़ताल आगे भी बढ़ाई जा सकती है।

कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से स्टाफ की कमी, पेंशन संबंधी मुद्दों, आउटसोर्सिंग और बढ़ते कार्यभार जैसी समस्याओं को लेकर आवाज उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि पर्याप्त भर्ती न होने से मौजूदा कर्मचारियों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ रहा है, जिससे कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है।

इस संभावित बंदी का सीधा असर बैंकिंग सेवाओं पर पड़ सकता है। कैश जमा-निकासी, चेक क्लियरिंग, पासबुक अपडेट और लोन से जुड़े कार्य प्रभावित हो सकते हैं। खासकर ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों के ग्राहकों को अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

हालांकि, डिजिटल बैंकिंग सेवाएं जैसे एटीएम, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग जारी रहने की उम्मीद है, लेकिन अचानक बढ़े उपयोग के कारण इन पर अतिरिक्त दबाव और तकनीकी दिक्कतें आने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।

स्थिति को देखते हुए कई ग्राहक पहले से ही अपने जरूरी बैंकिंग कार्य निपटाने में जुट गए हैं। वहीं व्यापारियों का कहना है कि लगातार चार दिन बैंकिंग सेवाएं बाधित रहने से लेन-देन प्रभावित होगा, जिसका असर कारोबार पर भी पड़ सकता है।


 

  • ये भी पढ़े..

    बिहार में नेशनल हाईवे किनारे निर्माण पर लग सकती है रोक, सरकार ला रही नई नीति

    Share Add as a preferred…