सुल्तानगंज के सफाईकर्मियों ने विधायक प्रो. ललित नारायण मंडल से की मुलाकात

वेतन व पीएफ भुगतान को लेकर उठाई आवाज, विधायक ने ईओ को लगाई फटकार

भागलपुर : नगर परिषद सुल्तानगंज के सफाईकर्मियों को वेतन एवं पीएफ का भुगतान नहीं होने से उत्पन्न संकट को लेकर सफाईकर्मियों का आंदोलन लगातार पांचवें दिन भी जारी रहा। रविवार को सभी सफाईकर्मी एकजुट होकर स्थानीय विधायक प्रोफेसर ललित नारायण मंडल के आवास पहुंचे और अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

सफाईकर्मियों ने विधायक को बताया कि कई महीनों से वेतन और पीएफ का भुगतान नहीं होने के कारण उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। बावजूद इसके नगर परिषद प्रशासन द्वारा उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है, जिससे वे हड़ताल पर जाने को मजबूर हुए हैं।

सफाईकर्मियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए विधायक प्रो. ललित नारायण मंडल ने नगर परिषद सुल्तानगंज के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्णा भूषण कुमार से दूरभाष पर बातचीत की। बातचीत के दौरान विधायक ने कार्यपालक पदाधिकारी को कड़ी फटकार लगाते हुए सफाईकर्मियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया और सफाईकर्मियों को भरोसा दिलाया कि उनके साथ न्याय किया जाएगा।

वहीं कार्यपालक पदाधिकारी कृष्णा भूषण कुमार ने आश्वासन दिया कि मंगलवार को सभी सफाईकर्मियों के साथ बैठक आयोजित कर उनकी सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा तथा वेतन और पीएफ भुगतान से संबंधित मुद्दों पर ठोस निर्णय लिया जाएगा।

हालांकि सफाईकर्मियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक उनकी सभी मांगों का पूर्ण रूप से समाधान नहीं हो जाता, तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी। सफाईकर्मियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की है।

इस मौके पर दर्जनों की संख्या में सफाईकर्मी उपस्थित थे। सफाईकर्मियों की हड़ताल के कारण नगर क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

  • ये भी पढ़े..

    पटना में 23 हजार से अधिक वाहन ब्लैकलिस्ट, परिवहन विभाग की सख्ती बढ़ी

    Share Add as a preferred…

    भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, CBI जांच की मांग पर आज सुनवाई

    Share Add as a preferred…