स्कॉर्पियो वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद, नवगछिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो तस्कर गिरफ्तार

भागलपुर: भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक स्कॉर्पियो वाहन से 201.6 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

यह कार्रवाई नवगछिया की पुलिस अधीक्षक (SP) प्रेरणा कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष नशा विरोधी अभियान का हिस्सा है। पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एक स्कॉर्पियो वाहन के माध्यम से भारी मात्रा में गांजा नवगछिया की ओर ले जाया जा रहा है।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए नवगछिया पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। इसके बाद कदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत कदवा चौक के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से कुल 201.6 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। मौके से वाहन में सवार खगड़िया निवासी संतोष कुमार एवं वाहन चालक मधेपुरा निवासी मंटू सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने गांजा तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपी प्रेरणा कुमार ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार के विरुद्ध पुलिस का अभियान लगातार जारी है और ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि यदि उन्हें नशीले पदार्थों की तस्करी से संबंधित कोई सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

  • Related Posts