मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज सवा दो घंटे रहेंगे गोराडीह में, 211 नए राजकीय डिग्री कॉलेजों का करेंगे शुभारंभ

भागलपुर: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को भागलपुर के गोराडीह प्रखंड के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री करीब सवा दो घंटे तक भागलपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘उन्नत शिक्षा, उज्ज्वल भविष्य’ योजना के तहत स्थापित किए जा रहे 211 नए राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में दोनों उपमुख्यमंत्री तथा उच्च शिक्षा मंत्री भी मौजूद रहेंगे।

सुबह हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे भागलपुर

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सुबह 10 बजे पटना से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होंगे और करीब 10:45 बजे गोराडीह प्रखंड के कासिमल खरबा स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से वे कार्यक्रम स्थल जाकर नए राजकीय डिग्री कॉलेज का उद्घाटन करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।

शिक्षा क्षेत्र को मिलेगी बड़ी सौगात

मुख्यमंत्री राज्यभर में स्थापित किए जा रहे 211 राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इस योजना का उद्देश्य उच्च शिक्षा का विस्तार करना और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उनके नजदीक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।

प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, बैरिकेडिंग, यातायात, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा, अग्निशमन और स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा की है। सभी संबंधित विभागों को समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

अतिक्रमण हटाया, मार्ग दुरुस्त किए गए

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले मार्गों से अतिक्रमण हटाया गया है। नगर निगम और प्रशासन ने सड़क मरम्मत, सफाई और अन्य आवश्यक कार्य भी पूरे कर लिए हैं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

चिकित्सकों की टीम और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

कार्यक्रम स्थल पर अनुभवी चिकित्सकों की टीम, एंबुलेंस और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष प्लान लागू किया गया है।

मुख्यमंत्री का संभावित कार्यक्रम

  • सुबह 10:00 बजे पटना से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान
  • सुबह 10:45 बजे गोराडीह के कासिमल खरबा हेलीपैड पर आगमन
  • 11:05 बजे नए राजकीय डिग्री महाविद्यालय का उद्घाटन एवं निरीक्षण
  • 11:25 बजे मुख्य कार्यक्रम में भाग लेकर जनसभा को संबोधित करेंगे
  • दोपहर करीब 12:45 बजे भागलपुर से पटना के लिए प्रस्थान

इस दौरे को लेकर भागलपुर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और सभी विभागों को कार्यक्रम के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

  • ये भी पढ़े..

    नेपाल में भारी बारिश से उफान पर बागमती नदी, खतरे का निशान पार; बिहार के कई गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ा

    Share Add as a preferred…

    35 साल बाद मिला इंसाफ: 103 वर्षीय हबीबन खातून को दिलाया गया जमीन का कब्जा

    Share Add as a preferred…