रोहतास की बेटी तृप्ति दुबे ने यूपीएससी में पाई 710वीं रैंक, कैमूर में बीपीआरओ के पद पर हैं कार्यरत

रोहतास/कैमूर: यूपीएससी की प्रतिष्ठित परीक्षा में रोहतास जिले की बेटी तृप्ति दुबे ने 710वीं रैंक हासिल कर बड़ी सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से रोहतास और कैमूर दोनों जिलों में खुशी का माहौल है।

मूल रूप से रोहतास जिले के बिक्रमगंज के कोआथ गांव की रहने वाली तृप्ति दुबे वर्तमान में कैमूर जिले के मोहनिया प्रखंड में प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी (बीपीआरओ) के पद पर कार्यरत हैं।

गांव से शुरू हुई पढ़ाई, बीएचयू से की उच्च शिक्षा

तृप्ति दुबे ने अपनी शुरुआती पढ़ाई कोआथ स्थित जगनारायण प्लस टू उच्च विद्यालय से मैट्रिक तक पूरी की। इसके बाद उन्होंने इंटरमीडिएट की पढ़ाई बिक्रमगंज के डॉ. नागेंद्र महिला कॉलेज से की।

आगे की उच्च शिक्षा उन्होंने वाराणसी स्थित बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से प्राप्त की।

पहले ही पास कर चुकी हैं बीपीएससी परीक्षा

तृप्ति दुबे इससे पहले 68वीं बीपीएससी परीक्षा पास कर चुकी हैं। इसी परीक्षा के माध्यम से उनका चयन पंचायती राज पदाधिकारी के रूप में हुआ और फिलहाल वे कैमूर के मोहनिया प्रखंड में पदस्थापित हैं।

दूसरे प्रयास में मिली सफलता

तृप्ति दुबे ने बताया कि यह उनका यूपीएससी का दूसरा प्रयास था, जिसमें उन्हें सफलता मिली।

उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने पिता रमेश कुमार दुबे, माता श्रुति देवी और ईश्वर को दिया है।

युवाओं को दिया संदेश

तृप्ति दुबे ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि यदि पूरी लगन, मेहनत और फोकस के साथ पढ़ाई की जाए तो कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।


 

  • Related Posts