
भागलपुर:शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत आरपी रोड स्थित वंशी निकेतन के पास एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। फर्जी पुलिस बनकर आए बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला से उनके सोने के आभूषण उतरवाकर लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना 16 अप्रैल की है, जब पीड़ित महिला सत्संग भवन वंशी कुंज से लौटकर अपने घर पहुंची थीं। जैसे ही वह गाड़ी से उतरीं, एक अज्ञात युवक उनके पास आया और खुद को पुलिसकर्मी बताया। उसके पीछे दो और युवक थे। तीनों ने महिला को यह कहकर डराया कि वह सोने के गहने पहनकर बाहर घूम रही हैं, जो सुरक्षा की दृष्टि से खतरे से खाली नहीं है।
महिला को भरोसा दिलाकर उन्होंने सोने की चेन और दोनों हाथों के कंगन उतरवाए और उसे अपने पास लेकर तुरंत फरार हो गए।
घटना के संबंध में पीड़िता के बेटे संजय अग्रवाल ने कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस की अपील: आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी अज्ञात व्यक्ति द्वारा खुद को पुलिस बताने पर तुरंत पहचान पत्र मांगें और किसी भी परिस्थिति में अपने कीमती सामान उन्हें न सौंपें। किसी भी संदेह की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।


