शेखपुरा में सड़क विकास को मिली रफ्तार, एनएच-333ए फोर लेन बनने से बदलेगी कनेक्टिविटी की तस्वीर

बिहार के शेखपुरा जिले में सड़क नेटवर्क के विकास ने अब गति पकड़ ली है। वर्षों से बेहतर कनेक्टिविटी का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। बरबीघा–पंजवारा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-333ए) को फोर लेन में तब्दील करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इस परियोजना के पूरा होने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।

झारखंड को जोड़ने वाली अहम सड़क

बरबीघा–शेखपुरा–जमुई–बांका होते हुए पंजवारा तक जाने वाली एनएच-333ए सड़क के फोर लेन बनने से लोगों को सड़क मार्ग से यात्रा में काफी सहूलियत मिलेगी। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत यह मार्ग शेखपुरा, जमुई और बांका जिलों से होकर झारखंड को जोड़ेगा, जिससे अंतरराज्यीय आवागमन मजबूत होगा।

190 किलोमीटर लंबा होगा फोर लेन हाईवे

मिली जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग 333ए के कुल 190 किलोमीटर हिस्से को फोर लेन किया जाना है। शहरी क्षेत्रों में सड़क की चौड़ाई 25 मीटर और ग्रामीण व खुले क्षेत्रों में 40 मीटर तक रखी जाएगी। यह हाईवे आगे चलकर भागलपुर से हंसडीहा जाने वाले एनएच-131ई से भी जुड़ेगा, जिससे क्षेत्रीय संपर्क और बेहतर होगा।

बरबीघा से शुरू होगा निर्माण कार्य

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा बरबीघा से बांका के पंजवारा तक एनएच-333ए को फोर लेन बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। बरबीघा के श्रीकृष्ण चौक के पास से शुरू होकर यह सड़क जिला मुख्यालय से गुजरते हुए चेवाड़ा प्रखंड के सियानी मोड़ तक लगभग 33.8 किलोमीटर लंबी है। इसके बाद यह मार्ग लखीसराय होते हुए जमुई जिले की सीमा में प्रवेश करेगा।

भू-अर्जन की प्रक्रिया शुरू

इस राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए भू-अर्जन विभाग ने कार्य शुरू कर दिया है। सड़क किनारे की जमीन चिन्हित की जा चुकी है और रैयतों को मुआवजा देने के लिए कैंप लगाकर भुगतान की प्रक्रिया जारी है।

बिहार-झारखंड कनेक्टिविटी को मिलेगा बल

सामाजिक कार्यकर्ता विपिन मंडल ने बताया कि यह सड़क अंग्रेजों के जमाने में बनी थी, जिसे अब तक मरम्मत कर ही उपयोग में लाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा इसे फोर लेन में परिवर्तित करना सराहनीय कदम है, जिससे बिहार और झारखंड के बीच संपर्क मजबूत होगा।
उन्होंने कहा, “इस परियोजना से लाखों लोगों के समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। झारखंड जाने में कम समय लगेगा और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।”

72 करोड़ रुपये का मुआवजा

जिला भू-अर्जन पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि शेखपुरा जिले में एनएच-333ए का कुल दायरा 33.08 किलोमीटर है, जिसमें 35 मौजा शामिल हैं। इनमें से 33 मौजा की जमीन चिन्हित की जा चुकी है। कुल 94.96 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है, जिसमें से 82.72 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की जा चुकी है। इनमें 56.45 हेक्टेयर भूमि सरकारी है। शेष निजी भूमि के अधिग्रहण के लिए 2991 रैयतों को मुआवजा देने हेतु 72 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं।

शेखपुरा में बनेगा बाईपास

संजय कुमार ने बताया कि फोर लेन निर्माण के तहत कहीं टू लेन तो कहीं फोर लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा शेखपुरा में एक बाईपास बनाने का भी प्रस्ताव है, जो श्री गौशाला के समीप से पथरैटा होते हुए लखीसराय मार्ग से जुड़ेगा। इससे शहर के भीतर यातायात दबाव कम होगा।

11 प्रमुख जंक्शन होंगे विकसित

यह फोर लेन सड़क बरबीघा से शुरू होकर जमुई होते हुए बांका के पंजवारा तक जाएगी। 190 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर चेवाड़ा, सिकंदरा, जमुई, मल्लेहपुर, गिद्धौर, झाझा, भैरोगंज, रजवारा, कटोरिया, ककबारा और बांका में कुल 11 प्रमुख जंक्शन प्वाइंट विकसित किए जाएंगे।

  • Related Posts

    फॉर्मर आईडी पर सदन में गरमाया मामला, मंत्री बोले—किसी किसान का लाभ नहीं रुका

    Share Add as a preferred…

    Continue reading