बिहार में बिजली व्यवस्था को लेकर बड़ा फैसला, हफ्ते में दो दिन होगी सीधी जनसुनवाई

बिहार में बिजली व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और आम लोगों के अनुकूल बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और अहम कदम उठाया है। सात निश्चय–3 के तहत ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ की अवधारणा को धरातल पर उतारते हुए ऊर्जा विभाग ने उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए नई व्यवस्था लागू की है।

सप्ताह में दो दिन होगी सीधी सुनवाई

बिजली से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र निवारण के लिए अब विभागीय अधिकारी सप्ताह में दो दिन आम लोगों से सीधे मुलाकात करेंगे। इस पहल का उद्देश्य उपभोक्ताओं और विभाग के बीच संवाद को मजबूत करना और शिकायत निवारण प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना है।

सात निश्चय–3 के तहत नई पहल

सात निश्चय–3 के तहत बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड (BSPHCL) और उसकी सभी अनुषंगी कंपनियों के अधिकारियों को सप्ताह में दो दिन जनसुनवाई करने का निर्देश दिया गया है। ऊर्जा सचिव और BSPHCL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक मनोज कुमार सिंह ने मुख्यालय और क्षेत्रीय कार्यालयों में इसके लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश जारी किया है।

सोमवार और शुक्रवार को जनसुनवाई

नई व्यवस्था के अनुसार हर सोमवार दोपहर 12:30 बजे से 2:00 बजे तक और हर शुक्रवार अपराह्न 3:00 बजे से 4:30 बजे तक बिजली उपभोक्ता सीधे अधिकारियों से मिलकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायतों को रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा और उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे।

पटना में यहां होगी सुनवाई

ऊर्जा सचिव स्वयं पटना स्थित विद्युत भवन-1 के प्रथम तल पर स्थित सभागार में आम लोगों की शिकायतें सुनेंगे। इसके अलावा BSPHCL की अनुषंगी कंपनियों—साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी, नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी, बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी और बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड—के प्रबंध निदेशक भी अपने-अपने कार्यालयों में निर्धारित दिन और समय पर जनसुनवाई करेंगे।

कमर्शियल उपभोक्ताओं के लिए ओपन हाउस

ऊर्जा विभाग ने वाणिज्यिक उपभोक्ताओं के लिए भी नई व्यवस्था लागू की है। अब HT और LTIS औद्योगिक उपभोक्ताओं के साथ ओपन हाउस बैठक हर शुक्रवार अपराह्न 3:00 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसमें उद्योगों से जुड़ी बिजली संबंधी समस्याओं पर सीधे चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

क्षेत्रीय अधिकारियों की बढ़ी जिम्मेदारी

BSPHCL और उसकी अनुषंगी कंपनियों के सभी क्षेत्रीय कार्यालयों में तैनात महाप्रबंधक-सह-मुख्य अभियंता, उप महाप्रबंधक-सह-अधीक्षण अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और कनीय अभियंता को भी सोमवार और शुक्रवार को निर्धारित समय पर अपने कार्यालयों में उपस्थित रहना होगा। वे आम लोगों की शिकायतें सुनेंगे और उनके समाधान की जिम्मेदारी निभाएंगे।

आम लोगों को होगा सीधा लाभ

ऊर्जा सचिव मनोज कुमार सिंह ने कहा कि इस पहल से बिजली उपभोक्ताओं को सीधा फायदा मिलेगा। बिलिंग में गड़बड़ी, मीटर खराब होना, लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली कटौती और ट्रांसफार्मर खराब होने जैसी समस्याओं को लेकर अब उपभोक्ता सीधे अधिकारियों से मिल सकेंगे। इससे शिकायतों के निपटारे में तेजी आएगी।

सात निश्चय–3 का उद्देश्य

बिहार सरकार के सात निश्चय–3 के तहत सातवां निश्चय ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को अधिक प्रभावी और जनहितैषी बनाना है। बिजली जैसी बुनियादी सेवा में सुधार को इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

  • Related Posts

    नवगछिया में पुलिस का ‘एक्शन’: कुख्यात भूसखारी को खदेड़कर दबोचा; कमर में लोडेड कट्टा और 15 गोलियां लेकर घूम रहा था, बड़ी वारदात की थी तैयारी

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    पप्पू यादव जेल गए: 31 साल पुराने केस में स्ट्रेचर पर कोर्ट पहुंचे सांसद; हाथ में ड्रिप, इजलास में ही किए साइन, अब सोमवार को होगी सुनवाई

    Share Add as a preferred…

    Continue reading