पटना। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने आज एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक बुलाई है। यह बैठक पार्टी के प्रदेश कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल करेंगे।
घटक दलों के बीच बढ़ी तल्खी के बीच बैठक
महागठबंधन को लेकर राजद और कांग्रेस के बीच जारी खींचतान के बीच इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। हाल ही में कांग्रेस नेता शकील अहमद खान के बयान के बाद गठबंधन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई थी। ऐसे समय में बुलाई गई इस बैठक में बिहार के सभी प्रमंडलों के प्रभारी, जिला प्रभारी और प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे।
संगठन की स्थिति की होगी समीक्षा
बैठक में विधानसभा चुनाव के बाद संगठन की जमीनी स्थिति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही यह तय किया जाएगा कि पार्टी को जिला और प्रखंड स्तर पर और मजबूत करने के लिए क्या कदम उठाए जाएं। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल के अलावा वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी, उदय नारायण चौधरी, रणविजय साहू सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे।
पार्टी प्रवक्ता ने दी जानकारी
राजद के प्रवक्ता चितरंजन गगन ने बताया कि बैठक दोपहर 12:30 बजे से शुरू होगी। इसमें सभी प्रमंडलीय और जिला प्रभारियों को बुलाया गया है। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी।
कर्पूरी ठाकुर जयंती की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में 24 जनवरी को भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती की तैयारियों की भी समीक्षा की जाएगी। जिलों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर जिला प्रभारियों से विस्तृत रिपोर्ट ली जाएगी।
संगठन को नई ऊर्जा देने की कोशिश
राजद प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि यह बैठक संगठन को नई दिशा और ऊर्जा देने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। जिलों से मिले फीडबैक के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी। बैठक के निष्कर्षों की विस्तृत रिपोर्ट पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को सौंपी जाएगी।
कब लौटेंगे तेजस्वी यादव
गौरतलब है कि तेजस्वी यादव पिछले लगभग एक महीने से बिहार से बाहर हैं। 3 जनवरी की बैठक में भी वे शामिल नहीं होंगे। चर्चा है कि वे 5 जनवरी के बाद पटना लौट सकते हैं। उनके लौटने के बाद बैठक की रिपोर्ट के आधार पर आगे की राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।


