जमुई में राजद नेता गिरफ्तार, उपमुख्यमंत्री पर लगाया राजनीतिक साजिश का आरोप

जमुई। जमुई टाउन थाना क्षेत्र के महिसौड़ी इलाके से सोमवार देर शाम राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता विनय साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि उनकी गिरफ्तारी लखीसराय जिले के कवैया थाना में दर्ज एक पुराने मामले में न्यायालय द्वारा जारी वारंट के आधार पर की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार कवैया थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त मामले के फरार आरोपी विनय साहू जमुई के महिसौड़ी इलाके में रह रहे हैं। सूचना के आधार पर लखीसराय पुलिस ने जमुई टाउन थाना की पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद विनय साहू ने बताया कि वह इलाज कराने के लिए जमुई आए थे और महिसौड़ी स्थित एक निजी क्लीनिक में अपना उपचार करा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद लखीसराय जिले के कवैया थाना के थाना प्रभारी रणधीर कुमार पुलिस बल के साथ जमुई टाउन थाना पहुंचे और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को अपने साथ लखीसराय ले गए।

इस दौरान मीडिया से बातचीत में राजद नेता विनय साहू ने अपनी गिरफ्तारी को राजनीतिक प्रतिशोध बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार के उपमुख्यमंत्री के इशारे पर उन्हें गिरफ्तार कराया गया है ताकि उन्हें राजनीतिक रूप से परेशान किया जा सके।

हालांकि, इस मामले में कवैया थाना के थाना प्रभारी रणधीर कुमार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि करीब दो से तीन वर्ष पुराने एक मामले में न्यायालय से वारंट जारी हुआ था और उसी के आधार पर पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की है। पुलिस के अनुसार यह पूरी कार्रवाई न्यायालय के आदेश के तहत की गई है।

  • Related Posts