खगड़िया। बिहार में निगरानी विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अलौली अंचल कार्यालय में कार्यरत राजस्व कर्मचारी सुरेंद्र सिंह को घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, सुरेंद्र सिंह ने दाखिल-खारिज के नाम पर पहले 1 लाख रुपये की मांग की थी। बाद में सौदा घटाकर 20 हजार रुपये तय हुआ। इसके बाद निगरानी टीम ने हेलना पुल के पास जाल बिछाया और रिश्वत लेते हुए कर्मचारी को पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद सुरेंद्र सिंह को भागलपुर निगरानी कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
निगरानी डीएसपी विकास कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि यदि किसी को भी इस तरह के भ्रष्टाचार की जानकारी हो तो तुरंत विभाग को सूचना दें। उन्होंने आमलोगों से भ्रष्टाचार के खिलाफ साथ देने की अपील भी की।


