नवगछिया, 10 अगस्त 2025 —रंगरा थाना क्षेत्र के मदरौनी महंत स्थान के पास शुक्रवार की सुबह मिली सहौरा निवासी छोटू रजक की लाश ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने हत्या का राज़ खोलते हुए तीन आरोपियों को दबोच लिया।
क्यों हुई हत्या?
जांच में सामने आया कि यह हत्या दो महीने पुराने विवाद का नतीजा थी। आरोपी प्रमोद रजक उर्फ कैलाश उर्फ कैला की बीमार पत्नी को मृतक ने पीट दिया था। यह अपमान कैलाश को अंदर ही अंदर जलाता रहा और उसने अपने साथी उदय सिंह व मनीष रजक के साथ मिलकर बदला लेने की योजना बनाई।
कैसे रची साजिश
7 अगस्त की रात तीनों ने छोटू को घर से बुलाया। दोस्ती और शराब का बहाना बनाकर बैठाया, गिलास पर गिलास चढ़ाए और जब छोटू नशे में चूर हो गया, तो धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। फिर लाश को फेंककर चुपचाप निकल गए।
पुलिस की तेज़ कार्रवाई
एसडीपीओ ओमप्रकाश के नेतृत्व में रंगरा थाना पुलिस, डॉग स्क्वाड, एफएसएल टीम और छापेमारी दस्ते ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतक के पिता रामदेव रजक के बयान पर मामला दर्ज हुआ। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया और हथियार भी बरामद हो गया।
एसडीपीओ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा —
“यह हत्या पूरी तरह से व्यक्तिगत रंजिश का नतीजा है। आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है और केस को शीघ्र ट्रायल में ले जाया जाएगा।”
गाँव में अब चर्चा सिर्फ एक ही बात की है — “अगर गुस्सा सिर पर चढ़ जाए, तो दोस्त भी दुश्मन बन जाता है।”


