
भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले में अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ होकर खूनी वारदात को अंजाम दिया है। कोईलवर थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव के बधार के पास बुधवार देर रात घर लौट रहे चाचा-भतीजे पर हथियारबंद बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में चाचा की मौत हो गई, जबकि भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
घर लौटते समय अपराधियों ने घेरकर बरसाईं गोलियां
मृतक की पहचान बबुरा थाना क्षेत्र के इंग्लिशपुर गांव निवासी सूरज राय (45), पिता सहदेव राय के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान दीपक कुमार (22), पिता सुदर्शन राय के रूप में हुई है, जो मृतक का भतीजा है।
बताया जा रहा है कि दोनों किसी काम से आरा गए थे। देर रात जब वे वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी धर्मपुर गांव के बधार के समीप पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
सिर और पेट में लगी गोली, रास्ते में तोड़ा दम
हमले में सूरज राय को बेहद करीब से गोली मारी गई। एक गोली उनके सिर के पिछले हिस्से में लगी, जबकि दूसरी गोली पेट के दाहिने हिस्से में लगी।
गंभीर रूप से घायल सूरज राय को परिजन इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
वहीं दीपक कुमार के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी है। उसे आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद पुलिस पहुंची अस्पताल
वारदात की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह, कोईलवर थानाध्यक्ष नरोत्तम चंद्र और पुलिस टीम आरा सदर अस्पताल पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पूर्व से चले आ रहे विवाद के कारण इस घटना को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
एसडीपीओ ने क्या कहा?
सदर एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह ने बताया,
“दोनों आरा से किसी काम को करके घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन पर गोली चलाई गई। अभी तक परिजनों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।”
पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।


