चेक बाउंस केस पर राजपाल यादव का खुलासा, बोले— “पैसों की कमी नहीं, सिद्धांतों की लड़ाई थी”

9 करोड़ रुपये के चर्चित चेक बाउंस मामले में मशहूर अभिनेता और कॉमेडियन राजपाल यादव ने पहली बार खुलकर अपनी बात रखी है। 5 फरवरी 2026 को तिहाड़ जेल में सरेंडर करने के बाद यह मामला काफी सुर्खियों में रहा था। हालांकि बाद में उन्हें अदालत से अंतरिम जमानत मिल गई थी।

हाल ही में एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान राजपाल यादव ने स्पष्ट किया कि उनका जेल जाना पैसों की कमी की वजह से नहीं था, बल्कि यह उनके सिद्धांतों से जुड़ा मामला था। उन्होंने कहा कि लोग यह मानते हैं कि 250 से ज्यादा फिल्मों में काम करने के बाद 5 करोड़ रुपये चुकाना उनके लिए मुश्किल नहीं होना चाहिए था, लेकिन सच्चाई कुछ और है।

उन्होंने कहा, “ऐसा नहीं था कि मेरे पास पैसे नहीं थे, यह मामला उससे भी बड़ा था। यह 2012 में ही खत्म हो सकता था, लेकिन परिस्थितियां ऐसी बनीं कि बात यहां तक पहुंच गई।” उनके इस बयान से यह साफ हो गया कि यह विवाद केवल आर्थिक नहीं, बल्कि कानूनी और व्यक्तिगत स्तर पर भी जटिल था।

राजपाल यादव ने इस विवाद से हुए नुकसान का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, उन्हें इस मामले में 17 से 22 करोड़ रुपये तक का नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने बताया कि जिस प्रोजेक्ट से यह विवाद जुड़ा था, उसमें पहले ही करीब 12 करोड़ रुपये निवेश हो चुके थे, जो बाद में बढ़कर 22 करोड़ तक पहुंच गया।

फिल्म इंडस्ट्री को लेकर भी उन्होंने खुलकर बात की और कहा कि हर साल सैकड़ों फिल्में बनती हैं, लेकिन बहुत कम ही सफल हो पाती हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि किसी ने धोखाधड़ी की है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि उनके मामले को गलत तरीके से पेश किया गया और लोगों ने पूरी सच्चाई जाने बिना ही राय बना ली।

अपने इस कठिन दौर को याद करते हुए उन्होंने न्याय व्यवस्था पर भरोसा जताया और कहा कि वे इस मामले को कानूनी तरीके से अंत तक लड़ेंगे।

वर्कफ्रंट की बात करें तो राजपाल यादव हाल ही में रिलीज हुई फिल्म Bhoot Bangla में नजर आ रहे हैं, जिसमें उनके साथ Akshay Kumar मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है और दर्शकों को पसंद भी आ रही है।

  • ये भी पढ़े..

    बिहार की तीन पारंपरिक कलाओं को मिला GI टैग, सांस्कृतिक विरासत को मिली वैश्विक पहचान

    Share Add as a preferred…

    गया के खिजरसराय में बनेगा अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी सेंटर, दक्षिण बिहार के MSME सेक्टर को मिलेगी नई दिशा

    Share Add as a preferred…