नई दिल्ली: छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ और टिकट की कमी को देखते हुए भारतीय रेलवे ने अगले चार दिनों में 1,205 स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इसके अलावा 10,700 आरक्षित और 3,000 अनारक्षित ट्रेनें भी यात्रियों की सुविधा के लिए चलाई जाएंगी।
रेलवे का स्पेशल ट्रेन मॉडल
रेलवे ने पिछले दो साल के डेटा के आधार पर विशेष ट्रेन संचालन का मॉडल तैयार किया है। इसके तहत दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों से गुरुवार को 30 और शुक्रवार को 17 स्पेशल ट्रेनें रवाना हुईं। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए स्टेशनों पर होल्डिंग और वेटिंग एरिया बनाए गए हैं।
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा पर जोर
रेल मंत्री ने बताया कि डिवीजन, जोन और रेलवे बोर्ड स्तर पर वार रूम स्थापित किए गए हैं, जो सभी स्थानों से लाइव फीड प्राप्त कर रहे हैं। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बने स्थायी होल्डिंग एरिया में 7,000 से अधिक लोगों के ठहरने की क्षमता है। इसमें 150 पुरुष और 150 महिलाओं के लिए शौचालय, ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन, टिकट काउंटर और फ्री आरओ पानी की सुविधा उपलब्ध है।
बिहार के लिए विशेष ट्रेनें
रेलवे के अनुसार, 1 अक्टूबर से 30 नवंबर 2025 तक पूरे भारत में 12,000 से अधिक विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिनमें से 2,220 ट्रेनें बिहार के लिए हैं।


