रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव खुद वार रूम से कर रहे हैं निगरानी — दीपावली पर देशभर के रेलवे स्टेशनों पर पल-पल की नजर

नई दिल्ली, 21 अक्टूबर 2025। दीपावली के शुभ अवसर पर देशवासी अपने परिवार के साथ सुरक्षित और खुशी से त्योहार मना सकें, इसके लिए भारतीय रेल ने अभूतपूर्व तैयारी की है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव खुद रेल भवन स्थित वार रूम से देशभर के ट्रेनों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

रेल मंत्री के साथ रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मंत्री ने पूर्वोत्तर रेलवे, पूर्व मध्य रेलवे और पूर्व रेलवे के अधिकारियों से सीधी बातचीत कर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी ट्रेनें समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचें।

जानकारी के मुताबिक, रेल मंत्री वैष्णव पिछले कई दिनों से 24 घंटे निगरानी में जुटे हैं। दीपावली की पूर्व संध्या पर उन्होंने दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल का देर रात निरीक्षण किया, जहां उन्होंने यात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना और सुविधाओं का जायजा लिया।

आज दीपावली के दिन भी रेल मंत्री अपनी टीम के साथ वार रूम में डटे हुए हैं और देशभर के प्रमुख रेलवे स्टेशनों की स्थिति पर रीयल टाइम अपडेट ले रहे हैं।

रेल मंत्रालय के अनुसार, भारतीय रेल के 12 लाख से अधिक कर्मचारी यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार काम कर रहे हैं। मंत्रालय का लक्ष्य है कि कोई भी यात्री दीपावली मनाने से वंचित न रह जाए, सभी ट्रेनें सुचारु रूप से चलें और यात्री अपनी मंजिल तक समय पर और सुरक्षित पहुंचें।

 

  • Related Posts