
पूर्णिया, 24 अगस्त 2025 – बिहार में चल रही इंडिया गठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा के आठवें दिन, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के साथ मिलकर पूर्णिया की सड़कों पर बाइक रैली का नेतृत्व किया।
रैली में राहुल गांधी खुद मोटरसाइकिल चलाते हुए सबसे आगे थे, जबकि उनके पीछे बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने हाथ लहराकर जनता का अभिवादन किया। बीच-बीच में राहुल गांधी भी समर्थकों को हाथ लहरा कर जवाब देते दिखाई दिए।
राहुल गांधी इस यात्रा के दौरान जनता से जुड़ने के लिए कई नए और अनोखे तरीके अपनाते रहे हैं। कभी वह वोटर सूची से कटे नागरिकों से सीधे संवाद करते हैं, तो कभी पैदल चलते हुए आम लोगों का हालचाल पूछते हैं। शनिवार को राहुल गांधी मखाना किसानों की स्थिति समझने के लिए कीचड़ भरे खेत में प्रवेश किए और उनकी समस्याओं पर चर्चा करते हुए सोशल मीडिया पर भी जानकारी साझा की।
इस रैली के माध्यम से राहुल गांधी ने अपनी जनता के बीच सक्रिय भागीदारी और आम लोगों के मुद्दों को गंभीरता से समझने का संदेश दिया।


