रामायण सर्किट का चमकता मोती, सीधे अयोध्या और पटना से जुड़ेगा
पटना, 10 अगस्त।माता सीता की पावन जन्मभूमि पुनौरा धाम अब देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए और भी सुलभ होने जा रही है। यहां बनने जा रहे अलौकिक भव्य मंदिर का शिलान्यास हो चुका है और अगले तीन वर्षों में अयोध्या के श्रीराम मंदिर की तर्ज पर यह धाम जगमगाता नज़र आएगा। मंदिर निर्माण के साथ-साथ, इसे सड़क, रेल और हवाई मार्ग – तीनों से सीधी कनेक्टिविटी देने की कवायद तेज़ कर दी गई है।
सड़क से सीधा सफर – तीन से ज़्यादा नेशनल हाईवे का संगम
- राम-जानकी मार्ग (लागत ₹13,186 करोड़) – 426 किमी लंबा, जो अयोध्या से सीवान-मशरक-शिवहर होते हुए सीतामढ़ी तक आएगा और नेपाल की ओर जाएगा।
- सीतामढ़ी से पुनौरा धाम को जोड़ने के लिए 4 किमी की विशेष सड़क का निर्माण, ताकि यात्री सीधे धाम तक पहुंच सकें।
- पटना से सीतामढ़ी तक बन रही चार लेन सड़क से राजधानी से सफर आसान होगा।
- मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी-सोनवर्षा रोड को चार लेन किया जा रहा है।
रेल से भी होगा सीधा जुड़ाव
- दरभंगा-सीतामढ़ी-नरकटियागंज रेलखंड का दोहरीकरण (लागत ₹4,080 करोड़)।
- सीतामढ़ी से शिवहर तक 28 किमी नई रेल लाइन (लागत ₹566 करोड़), जो पुनौरा धाम से सिर्फ डेढ़ किमी की दूरी पर होगी।
- राज्य सरकार ने रेलवे बोर्ड को विशेष अनुरोध भेजा है ताकि श्रद्धालुओं को ट्रेन से उतरते ही धाम के दर्शन का रास्ता मिले।
हवाई मार्ग – आस्था के पंख
- पटना एयरपोर्ट से धाम तक नई हाईवे परियोजनाओं के बाद यात्रा का समय घटेगा।
- दरभंगा एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी के लिए सिलीगुड़ी-गोरखपुर एनएच पर काम जारी, यहां से बनी विशेष सड़क के ज़रिए एक घंटे में धाम पहुंचा जा सकेगा।
केंद्रीय गृह मंत्री का ऐलान
शिलान्यास के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “पुनौरा धाम न सिर्फ बिहार बल्कि पूरे भारत की आस्था का केंद्र है। इसे तीनों मार्गों से जोड़कर हम इसे वैश्विक धार्मिक पर्यटन का अहम पड़ाव बनाएंगे।”


