भागलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 फरवरी को पांचवीं बार भागलपुर आ रहे हैं। बतौर पीएम चौथी बार वह भागलपुर आएंगे, लेकिन चुनावी सभाओं से इतर पहली बार सरकारी यात्रा पर भागलपुर आ रहे हैं। अब तक चारों बार चुनावी सभा को संबोधित करने आए थे। आगामी 24 फरवरी को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की नई किस्त देने के लिए आ रहे हैं। भागलपुर में हवाई अड्डा मैदान में उनकी सभा होगी। इस दौरान वे कुछ किसानों से मिलेंगे, उनसे बात करेंगे, उनकी समस्याओं का तत्क्षण समाधान भी करेंगे। किसी देशव्यापी योजना को लेकर पहली बार किसी प्रधानमंत्री का भागलपुर आना होगा।

जानकार बताते हैं कि नरेंद्र मोदी 15 अप्रैल 2014 को पहली बार चुनावी सभा में यहां आए थे। तब उन्होंने सैंडिस कंपाउंड के मैदान में भाजपा प्रत्याशी सैयद शाहनवाज हुसैन के लिए वोट मांगे थे। उस वक्त वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे और प्रधानमंत्री के घोषित उम्मीदवार भी थे। फिर, एक सितंबर 2015 को हवाई अड्डा मैदान आये। इस बार बतौर पीएम बिहार में परिवर्तन रैली के लिए हवाई अड्डा मैदान में ही चुनावी सभा की थी। पीएम मोदी 11 अप्रैल 2019 को लोकसभा चुनाव के दौरान भी आए थे। अंतिम बार 23 नवंबर 2020 को हवाई अड्डा मैदान में विधानसभा चुनाव के लिए वोट मांगने आए थे।

प्रधानमंत्री कार से आ सकते हैं सर्किट हाउस 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 फरवरी को शहर होते हुए जिला अतिथि गृह आ सकते हैं। इसको लेकर परिसदन में व्यवस्था की जा रही है। परिसदन एवं कार्यक्रम में आने वाले अतिविशिष्ट और विशिष्ट से संबंधित कोषांग में शामिल पदाधिकारियों को अतिथि गृह के कमरों को सुसज्जित करवाने का निर्देश दिया गया है। पीएम के कार्यक्रम को लेकर जारी आदेश पत्र में कहा गया कि प्रधानमंत्री के रूट पर साफ-सफाई और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने को कहा गया है।

WhatsApp Channel VOB का चैनल JOIN करें