
एयरपोर्ट टर्मिनल, नई रेल सेवाएँ, थर्मल पावर प्रोजेक्ट और पीएम आवास योजना सहित कई बड़े प्रोजेक्ट्स का होगा शिलान्यास
पटना, 15 सितंबर 2025।बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब भी बिहार आते हैं, वे राज्य को विकास के लिए करोड़ों रुपये की योजनाओं की सौगात देते हैं। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री मोदी आज पूर्णिया में 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
पूर्णिया एयरपोर्ट को मिलेगा नया टर्मिनल
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी पूर्णिया एयरपोर्ट के अंतरिम टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे और यहां से पहली वाणिज्यिक उड़ान की शुरुआत भी करेंगे। इससे सीमांचल के लोगों को देश के विभिन्न हिस्सों तक तेज और सुगम हवाई यात्रा की सुविधा उपलब्ध होगी।
श्री चौधरी ने बताया कि यह एयरपोर्ट राज्य का सबसे बड़ा रनवे वाला हवाई अड्डा होगा और यह बिहार की हवाई कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा।
नई रेल सेवाओं की सौगात
प्रधानमंत्री मोदी इस दौरे पर सीमांचल और आसपास के जिलों को नई रेल सेवाओं की भी सौगात देंगे।
- जोगबनी–दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस
- सहरसा–छेहरटा (अमृतसर) अमृत भारत एक्सप्रेस
- जोगबनी–ईरोड अमृत भारत एक्सप्रेस
साथ ही, अररिया–गलगलिया (ठाकुरगंज) रेलखंड पर ट्रेन को हरी झंडी भी दिखाई जाएगी।
ऊर्जा और जल परियोजनाओं का शिलान्यास
प्रधानमंत्री मोदी भागलपुर जिले के पीरपैंती में 3×800 मेगावाट की थर्मल पावर परियोजना की आधारशिला रखेंगे, जो बिहार की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में मील का पत्थर साबित होगी।
इसके अलावा, सुपौल और कटिहार जिलों में एसटीपी और आई एंड डी कार्य, तथा कटिहार, भागलपुर और दरभंगा में नई पेयजल आपूर्ति परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया जाएगा।
कोसी–मेची लिंक और नई रेल लाइन
इस कार्यक्रम के दौरान कोसी–मेची अंतरदलीय लिंक परियोजना के पहले चरण की शुरुआत होगी। साथ ही, विक्रमशिला से कटारेह तक नई रेल लाइन का भी निर्माण कराया जाएगा।
कृषि और पशुपालन क्षेत्र में लाभ
पूर्णिया में सेक्स सॉर्टेड सीमेन उत्पादन केंद्र की स्थापना का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री करेंगे। इससे किसानों और पशुपालकों को आधुनिक तकनीक का लाभ मिलेगा और उत्पादकता में बढ़ोतरी होगी।
पीएम आवास योजना और ग्रामीण विकास
इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री 35,000 ग्रामीण और 5,920 शहरी लाभार्थियों को पीएम आवास योजना के तहत गृह प्रवेश कराएंगे। इसके अलावा, एनआरएलएम के तहत क्लस्टर लेवल फेडरेशनों को सामुदायिक निवेश फंड का वितरण भी किया जाएगा।
विकास की निरंतरता
सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अब तक 50 बार से अधिक बिहार का दौरा कर चुके हैं और हर बार राज्य को नई परियोजनाओं का तोहफ़ा दिया है। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2015 में मोदी जी ने बिहार को 1.65 लाख करोड़ रुपये का विशेष आर्थिक पैकेज भी दिया था।


