पीरपैंती में अडानी पावर प्लांट निर्माण की तैयारी तेज, अधिग्रहित भूमि पर पेड़ कटाई शुरू, रोजगार की उम्मीद और किसानों की चिंता

पीरपैंती में प्रस्तावित विद्युत ताप गृह के निर्माण को लेकर बिहार सरकार द्वारा अधिग्रहित भूमि पर पेड़ कटाई का कार्य तेज़ी से जारी है। जैसे ही इस कार्य ने गति पकड़ी है, वैसे ही स्थानीय लोगों में एक नई उम्मीद भी जगी है। क्षेत्रवासियों को विश्वास है कि अब जल्द ही ताप गृह का वास्तविक निर्माण कार्य भी शुरू होगा, जिससे इलाके में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

स्थानीय युवाओं का कहना है कि अडानी पावर प्लांट के निर्माण से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों नहीं बल्कि लाखों लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। मजदूरी के लिए दूसरे राज्यों में गए कई लोग अब वापस अपने गांव लौटकर यहीं काम करने की योजना बना रहे हैं। लोगों को उम्मीद है कि यदि यह परियोजना समय पर पूरी होती है, तो पीरपैंती और आसपास के क्षेत्रों में रोजगार के नए विकल्प खुलेंगे और लोगों को अपने परिवार से दूर जाकर काम करने की मजबूरी नहीं रहेगी।

हालांकि, इस औद्योगिक विकास के बीच किसानों की चिंता भी गहराती जा रही है। पीरपैंती क्षेत्र को कभी “आम का शहर” कहा जाता था, लेकिन ताप गृह के लिए हो रही लगातार पेड़ कटाई से आम की खेती को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि इस बार आम की फसल लगभग न के बराबर होने की स्थिति बन गई है और अनुमान है कि करीब 80 प्रतिशत तक आम की खेती समाप्त हो सकती है।

किसानों के अनुसार आम के पेड़ों की कटाई से न केवल इस वर्ष की फसल प्रभावित होगी, बल्कि आने वाले वर्षों में भी उनकी आय पर गहरा असर पड़ेगा। आम की खेती इस क्षेत्र की पहचान और किसानों की मुख्य आजीविका का साधन रही है, ऐसे में पेड़ कटाई से आर्थिक संकट बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

एक ओर जहां अडानी पावर प्लांट से औद्योगिक विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार और रोजगार की नई संभावनाएं बढ़ रही हैं, वहीं दूसरी ओर कृषि, पर्यावरण और किसानों के भविष्य को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े हो रहे हैं। अब यह देखना अहम होगा कि सरकार और कंपनी मिलकर विकास कार्यों के साथ-साथ किसानों के हितों और पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने के लिए क्या ठोस कदम उठाती हैं।

  • Related Posts

    भागलपुर में ‘परशुराम’ वंशजों का महाजुटान! शंखनाद और मंत्रोच्चार के बीच मना होली मिलन; विधायक रोहित पांडे बोले—एकजुटता ही ब्राह्मण समाज की शक्ति

    Share Add as a preferred…

    Continue reading