बांकीपुर उपचुनाव से पहले प्रशांत किशोर का शक्ति प्रदर्शन, बोले- 35 साल में नेता आगे बढ़े, जनता वहीं की वहीं

पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की घोषणा भले अभी नहीं हुई हो, लेकिन जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने चुनावी अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को बांकीपुर में आयोजित जनसभा में उन्होंने भाजपा और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “35 वर्षों में आपका नेता विधायक से राष्ट्रीय अध्यक्ष तक पहुंच गया, लेकिन आम जनता आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है।”

“वोट बिकेगा तो जनता नहीं, नेता आगे बढ़ेगा”

सभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने वोट की ताकत को समझें।

उन्होंने कहा कि यदि लोग पैसे के बदले वोट देंगे, तो ऐसे ही नेता जीतते रहेंगे जिनका विकास होगा, जबकि जनता की हालत जस की तस बनी रहेगी।

उन्होंने कहा कि बांकीपुर का उपचुनाव केवल एक सीट का चुनाव नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सोच और सरकार के कामकाज पर जनमत होगा।

“बांकीपुर में भाजपा हारी तो संदेश दिल्ली तक जाएगा”

प्रशांत किशोर ने दावा किया कि बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा को हराने का मौका जनता के पास है।

उन्होंने कहा कि यदि इस सीट पर भाजपा हारती है, तो इसका सीधा संदेश दिल्ली तक जाएगा कि बिहार की जनता वर्तमान नेतृत्व और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को स्वीकार नहीं कर रही है।

क्या खुद चुनाव लड़ेंगे? बरकरार है सस्पेंस

बांकीपुर सीट पर जन सुराज पूरी ताकत से चुनाव लड़ने का दावा कर रही है, लेकिन प्रशांत किशोर खुद उम्मीदवार होंगे या नहीं, इस पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है।

इससे पहले भी करगहर और राघोपुर विधानसभा सीटों से उनके चुनाव लड़ने की चर्चाएं हुई थीं, लेकिन उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा था।

30 साल से भाजपा का गढ़ रही है बांकीपुर

बांकीपुर विधानसभा सीट पिछले करीब तीन दशकों से भाजपा का मजबूत गढ़ रही है। अधिकांश समय इस सीट का प्रतिनिधित्व भाजपा नेता नितिन नवीन और उनके परिवार ने किया।

नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद यह सीट खाली हुई है, जिस पर जल्द उपचुनाव होने की संभावना है।

वार्ड स्तर पर सक्रिय हुई जन सुराज

उपचुनाव को देखते हुए जन सुराज ने बूथ और वार्ड स्तर पर संगठन को सक्रिय कर दिया है। कार्यकर्ता लगातार मोहल्लों में जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं और स्थानीय मुद्दों पर फीडबैक जुटा रहे हैं।

हाल ही में बकरीद के मौके पर पटना के मीठापुर में प्रशांत किशोर की ओर से आयोजित भोज भी राजनीतिक चर्चा का विषय बना रहा।

अब सभी की नजर इस बात पर है कि जन सुराज बांकीपुर से किसे उम्मीदवार बनाती है और क्या प्रशांत किशोर पहली बार विधानसभा चुनाव के मैदान में उतरते हैं।

  • ये भी पढ़े..

    खगड़िया में सिपाही भर्ती परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा बेनकाब, सॉल्वर गैंग के 15 सदस्य गिरफ्तार

    Share Add as a preferred…

    भागलपुर के IIIT ने NCC में रचा नया इतिहास, राष्ट्रीय स्तर पर कैडेटों ने जीते पदक

    Share Add as a preferred…