सीतामढ़ी। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने अपनी बिहार बदलाव यात्रा के दौरान आज सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी में आयोजित ‘बिहार बदलाव जनसभा’ में भाग लिया। हाई स्कूल मैदान में जनसभा को संबोधित करने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने भाजपा सांसद संजय जायसवाल और राजद सांसद संजय यादव पर तीखे प्रहार किए।
भाजपा सांसद संजय जायसवाल द्वारा भेजे गए लीगल नोटिस पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि भाजपा नेताओं को सच्चाई सामने आने का डर सता रहा है। उन्होंने कहा कि “हमने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मानसिक रूप से बीमार कहा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के मेडिकल कॉलेज कब्जा करने का खुलासा किया। बावजूद इसके, खुद दिलीप जायसवाल में हिम्मत नहीं हुई कि हमें लीगल नोटिस भेजें। अब उनके छोटे भाई संजय जायसवाल सामने आकर शोर मचा रहे हैं।”
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि “किश्त जारी होने का डर इतना है कि कई लोग पहले से घबराए हुए हैं। दिलीप जायसवाल पहले ही पीछे हट गए और अब नए खिलाड़ी सामने आ रहे हैं। इनका भी जवाब मिलेगा।”
इसी दौरान, प्रशांत किशोर ने राजद सांसद संजय यादव पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि “संजय यादव हरियाणा से आते हैं और यहां आकर बिहार को अपने हिसाब से चलाना चाहते हैं। जैसे दिल्ली से अमित शाह सोचते हैं कि बिहार को नियंत्रित कर लेंगे। बिहार की जनता अब बाहरी नेतृत्व को स्वीकार नहीं करेगी।”
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि “जब हमने भाजपा के नेताओं का पर्दाफाश किया, तब राजद नेताओं का उनसे नज़दीकी साफ़ हो गया। राबड़ी देवी जिन नेताओं को भाई कहती हैं, उन्हीं का सच हम सामने ला रहे हैं। ऐसे में हमें भाजपा की बी-टीम कहना हास्यास्पद है।”
जनसभा में बड़े वादे
प्रशांत किशोर ने सभा के दौरान सीतामढ़ी की जनता से कई वादे किए। उन्होंने घोषणा की कि दिसंबर 2025 से:
- 60 वर्ष से अधिक उम्र के हर पुरुष और महिला को ₹2000 मासिक पेंशन दी जाएगी।
- 15 साल से कम उम्र के बच्चों की निजी स्कूलों की फीस सरकार देगी, जब तक सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बहाल नहीं हो जाती।
- 50 लाख युवाओं को बिहार में ही 10-12 हजार रुपये का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उन्हें पलायन न करना पड़े।
उन्होंने दावा किया कि “यह बिहार की बदहाली की आखिरी दिवाली और छठ होगी। आने वाले दिनों में युवाओं को अपने गांव-घर से बाहर मजदूरी करने नहीं जाना पड़ेगा।”


