दरभंगा, 21 सितम्बर 2025: जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर अपनी बिहार बदलाव यात्रा के तहत आज दरभंगा के जाले विधानसभा क्षेत्र में आयोजित ‘बिहार बदलाव जनसभा’ को संबोधित किया। कुम्हरौली फुटबॉल मैदान में उमड़ी भारी भीड़ के बीच उन्होंने एनडीए नेताओं और वर्तमान सरकार पर जमकर निशाना साधा।
प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में जनता को अलग-अलग तरीके से लूटा जा रहा है। राजद के नेता भ्रष्ट हैं, लेकिन भाजपा वाले उनसे भी अधिक भ्रष्टाचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “कल हमारे खुलासों पर अभी तक कोई जवाब नहीं आया है। जन सुराज की सरकार बनने के बाद 100 सबसे भ्रष्ट नेताओं और अफसरों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
BPSC अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज पर निशाना
उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अन्य नेताओं पर आरोप लगाया कि सरकारी बंगलों में बैठे नेताओं ने छात्रों और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया और लाठीचार्ज करवाया। किशोर ने कहा, “जब ये नेता जनता के बीच आएंगे, तो लोग इन्हें घेरकर जवाब मांगेंगे।”
मंत्री जीवेश मिश्रा पर हमला
प्रशांत किशोर ने मंत्री जीवेश मिश्रा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कोर्ट ने उन्हें जाली दवा कारोबारी बताया है। उन्होंने चेतावनी दी कि “दो महीने बाद जाले की जनता भी कार्रवाई कर उन्हें बेरोजगार बना देगी।”
जनता से किए बड़े वादे
किशोर ने दरभंगा की जनता से बड़ा वादा करते हुए कहा:
- दिसंबर 2025 से 60 साल से अधिक उम्र के हर पुरुष और महिला को मासिक 2000 रुपये पेंशन दी जाएगी।
- 15 साल से कम उम्र के बच्चों को निजी स्कूलों में मुफ्त शिक्षा, फीस सरकार भरेगी।
- बिहार के युवाओं को 10-12 हजार रुपये का रोजगार राज्य में ही उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उन्हें परिवार छोड़कर बाहर काम के लिए न जाना पड़े।
प्रशांत किशोर ने दावा किया कि इस साल बिहार की बदहाली की आखिरी दिवाली और छठ होगी और राज्य के युवाओं को स्वरोजगार मिलेगा।


