
कैमूर: बिहार के कैमूर जिले में सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करना दो युवकों को महंगा पड़ गया। साइबर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस ने इस पूरे मामले को लेकर आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कार्रवाई की जानकारी दी है।
दो युवकों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के सरेवां गांव निवासी अजीत पासवान उर्फ अमित पासवान तथा नोनरा गांव निवासी राम सिंह के रूप में हुई है।
दोनों पर सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर प्रसारित करने का आरोप है।
नेताओं पर कथित अभद्र टिप्पणी का आरोप
प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक आरोपियों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संबंध में कथित रूप से अभद्र एवं अशोभनीय भाषा का प्रयोग करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया।
पुलिस का कहना है कि इस तरह की सामग्री से जनभावनाएं प्रभावित हो सकती हैं और सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका थी।
BNS के तहत दर्ज हुआ मामला
मामले को गंभीर मानते हुए कैमूर साइबर थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी से व्यवहार करने की अपील
कैमूर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें और ऐसी कोई भी सामग्री पोस्ट या साझा न करें जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो या किसी व्यक्ति, समुदाय या संस्था के खिलाफ घृणा फैलने की आशंका हो।
पुलिस ने यह भी कहा है कि यदि किसी को सोशल मीडिया पर कोई आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाना या डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।


