पटना।बिहार विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही राज्य की राजनीति में यात्राओं की गूंज तेज हो गई है। राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा और तेजस्वी यादव की बिहार अधिकार यात्रा के बाद अब भारतीय जनता पार्टी भी पूरे दमखम के साथ मैदान में उतर गई है। भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर ‘चलो जीते हैं’ रथ यात्रा की शुरुआत कर दी है।
गांधी मैदान से रवाना हुए 243 रथ
पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान से रविवार को भाजपा नेताओं ने रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाई। यह रथ यात्रा राज्य के सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगी। पार्टी की योजना है कि इन रथों के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन और उनकी उपलब्धियों को गांव-गांव तक पहुंचाया जाए।
पीएम मोदी पर बनी 55 फिल्में दिखेंगी
प्रत्येक रथ में एलईडी टीवी लगाई गई है, जिस पर नरेंद्र मोदी के बचपन से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक के जीवन पर आधारित 55 फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। भाजपा का दावा है कि करीब 50 हजार गांवों में इन फिल्मों को दिखाया जाएगा।
भाजपा के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी
रथ यात्रा की शुरुआत के मौके पर प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बिहार प्रभारी विनोद तावड़े, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे और पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन मौजूद थे। सभी नेताओं ने संयुक्त रूप से रथों को रवाना किया।
‘गरीबों के मसीहा’ के रूप में पेश किए जा रहे पीएम मोदी
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा—
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों को जीया है। उनकी माताजी दूसरों के घर में बर्तन धोकर और पानी भरकर परिवार का भरण-पोषण करती थीं। आज उनकी कोशिशों से 25 से 30 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। स्वामी विवेकानंद के रूप में एक नरेंद्र ने समाज बदलने का काम किया, तो दूसरे नरेंद्र देश को बदल रहे हैं।”
सेवा पखवाड़ा दिवस भी होगा आयोजित
भाजपा ने ऐलान किया है कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर सेवा पखवाड़ा दिवस भी मनाया जाएगा। इस दौरान राज्यभर में कई सेवा कार्यक्रम चलाए जाएंगे, जिनके जरिए जनता से सीधा जुड़ाव स्थापित करने की कोशिश होगी।


