बिहार में पुलिस पर हमला: शराब पकड़वाने से नाराज बदमाशों ने दो जवानों को पीटा, एक गिरफ्तार

बिहार के बक्सर जिले से पुलिस पर हमले का गंभीर मामला सामने आया है। ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के जवही दियर स्थित पुलिस पिकेट के दो जवानों पर बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बदमाश शराब पकड़वाने की कार्रवाई से नाराज थे।

तीन बाइक पर पहुंचे 8-9 बदमाशों ने घेरा

घटना 2 मार्च की दोपहर करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। जवही दियर पिकेट पर तैनात हवलदार रामप्यारे पासवान ने ब्रह्मपुर थाना में लिखित आवेदन देकर बताया कि वे अपने साथी सिपाही रौशन कुमार के साथ नियमित गश्त और सूचना संकलन के दौरान पिकेट के पास एक किराना दुकान से सामान खरीदने गए थे।

सामान लेकर लौटते समय रास्ते में तीन मोटरसाइकिलों पर सवार 8-9 बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने शराब पकड़वाने की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई और दोनों पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी देते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

हमले में सिपाही के सिर पर लगी गंभीर चोट

हमले में सिपाही रौशन कुमार के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे वे मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। वहीं हवलदार रामप्यारे पासवान को भी अंदरूनी चोटें आईं। घटना के बाद दोनों घायलों को तुरंत ब्रह्मपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल दोनों की स्थिति खतरे से बाहर है।

मोबाइल छीना, ग्रामीणों ने किया बीच-बचाव

पीड़ित पुलिसकर्मियों ने बताया कि मारपीट के दौरान बदमाशों ने उनका मोबाइल भी छीन लिया। घटना के समय आसपास मौजूद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए बीच-बचाव किया, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए।

घटना के दौरान मौजूद एक ग्रामीण ने पूरी वारदात का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जिसे बाद में पिकेट पर तैनात सिपाही धीरज कुमार को सबूत के तौर पर सौंप दिया गया।

एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

मामले में कार्रवाई करते हुए ब्रह्मपुर थाना प्रभारी ब्रजेश सिंह ने बताया कि घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

वीडियो फुटेज से पांच आरोपियों की पहचान

पुलिस के अनुसार वीडियो फुटेज के आधार पर पांच आरोपियों की पहचान कर ली गई है। इनमें से एक स्थानीय चौकीदार भी शामिल बताया जा रहा है, जबकि चार अन्य की तलाश जारी है।

थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिसकर्मियों पर हमला किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

  • ये भी पढ़े..

    NIFT प्रवेश परीक्षा में भागलपुर के गौरव कुमार सिंह का शानदार प्रदर्शन, हासिल की ऑल इंडिया 577वीं रैंक

    Share Add as a preferred…

    “राबड़ी आवास पर घमासान: ‘हर हाल में बंगला खाली होगा’, सम्राट के ऐलान के बीच कोर्ट जाने की तैयारी में RJD?”

    Share Add as a preferred…