औरंगाबाद: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद अब दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी औरंगाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री की आज दो रैलियां निर्धारित थीं, जिनमें पहली औरंगाबाद में और दूसरी कैमूर में है।
सभा में उमड़ी भारी भीड़ को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि औरंगाबाद त्याग और बलिदान की धरती है, जिसने देश को अनुग्रह बाबू और जगदेव बाबू जैसे महान स्वतंत्रता सेनानी दिए हैं। उन्होंने दशरथ मांझी का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र अटूट संकल्प और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रतीक है।
“पहले चरण के मतदान ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए”— PM मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि 6 नवंबर को हुए पहले चरण के मतदान में 63–65% तक वोटिंग हुई, जो अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है।
उन्होंने कहा:
“पहला चरण साफ बता रहा है कि बिहार फिर एक बार जंगलराज को वापस आने नहीं देगा। नौजवान राजद के झूठे वादों पर नहीं, एनडीए के ईमानदार इरादों पर वोट दे रहा है।”
PM मोदी ने दावा किया कि पहले चरण के बाद परिणाम स्पष्ट है— “फिर एक बार एनडीए सरकार”।
“जहां जैसा सामर्थ्य, वहां वैसा उद्योग”— पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार क्षेत्रीय जरूरतों और क्षमता के आधार पर बिहार में तेजी से औद्योगिक विकास कर रही है:
- फूड प्रोसेसिंग उद्योग
- पर्यटन का विस्तार
- टेक्नोलॉजी आधारित कंपनियां
- मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर
उन्होंने कहा कि “बिहार की अर्थव्यवस्था को बदलने के लिए व्यापक रोडमैप तैयार है।”
राम मंदिर, अनुच्छेद 370 और वन रैंक-वन पेंशन पर बोले पीएम
प्रधानमंत्री ने अपने प्रमुख निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा:
- “मोदी ने कहा था राम मंदिर बनेगा— और डंके की चोट पर राम मंदिर बन गया।”
- “370 हटाने का वादा पूरा हुआ।”
- “पुंछ हमले का बदला ऑपरेशन सिंदूर में लिया गया।”
- “पिछले 11 वर्षों में सैनिक परिवारों को वन रैंक-वन पेंशन के तहत 1 लाख करोड़ से अधिक राशि दी गई है।”
नक्सलवाद पर सख्ती का दावा
PM मोदी ने कहा कि बिहार में जंगलराज को पनाह देने वालों के कारण नक्सलवाद बढ़ा था, लेकिन केंद्र सरकार की कार्रवाई के बाद:
“बिहार माओवादी आतंक के डर से मुक्त हो रहा है। अब नक्सलवाद समाप्ति के कगार पर है।”
उन्होंने कहा कि जो लोग “कट्टा, दोनाली और फिरौती” की राजनीति करते रहे, उन्हें जनता पहचान चुकी है।
“किसान की चिंता कांग्रेस ने कभी नहीं की”— पीएम
PM मोदी ने कहा:
“कांग्रेस ने कभी छोटे किसानों की सुध नहीं ली। ये मोदी है जो किसान के घर की चिंता करता है।”
उन्होंने घोषणा की कि:
- अभी किसानों को मिलते हैं ₹6000 सालाना
- एनडीए सरकार बनने पर ₹3000 अतिरिक्त, यानी कुल ₹9000 प्रति वर्ष
राजद–कांग्रेस गठबंधन पर तीखा हमला
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि महागठबंधन आपसी अविश्वास से भरा हुआ है। औरंगाबाद का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा:
- “राजद ने कांग्रेस को उन सीटों पर उतारा, जिन्हें वह 40 सालों से जीत नहीं पाई।”
- “राजद ने कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष का अपमान किया।”
- “जो अपने साथियों को धोखा दे सकते हैं, वे जनता के सगे कैसे होंगे?”


