
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवरात्रि और जीएसटी 2.0 लागू होने से एक दिन पहले देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने जीएसटी 2.0 को ‘बचत उत्सव’ करार देते हुए कहा कि इन सुधारों से बड़े पैमाने पर लोगों को लाभ मिलने की संभावना है।
आयकर छूट और GST सुधार से जनता को राहत

पीएम मोदी ने कहा कि जब 12 लाख रुपये तक की आयकर छूट मिलती है तो मध्यम वर्ग के जीवन में बड़ा बदलाव आता है। इससे जीवन सरल और सुविधाजनक बनता है। उन्होंने आगे कहा कि गरीब, नव-मध्यम वर्ग और मध्यम वर्ग को अब दोहरा लाभ मिल रहा है।
प्रधानमंत्री के अनुसार, सरकार के दो बड़े फैसलों – आयकर में छूट और जीएसटी सुधारों से देशवासियों को एक ही वर्ष में 2.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक की बचत होगी। उन्होंने कहा, “इसलिए मैं इसे बचत उत्सव कह रहा हूं।”
25 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर
पीएम मोदी ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में लगभग 25 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकले हैं और आज वे नव-मध्यम वर्ग (Neo-Middle Class) का निर्माण कर रहे हैं। उनके अपने सपने हैं और जीएसटी में सुधार उन्हें पूरे करने में मदद करेंगे।
MSMEs को मिलेगा बड़ा फायदा

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आत्मनिर्भरता का रास्ता अपनाना होगा और इसमें MSMEs की भूमिका अहम है।
उन्होंने कहा कि जीएसटी दरों में कमी और प्रक्रियाओं के सरलीकरण से हमारे MSMEs, लघु उद्योग और कुटीर उद्योग को सीधा लाभ होगा। उनकी बिक्री बढ़ेगी और टैक्स का बोझ कम होगा। यानी उन्हें भी दोहरा लाभ मिलेगा।
पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि जैसे स्वदेशी के मंत्र ने देश की आज़ादी में अहम भूमिका निभाई थी, वैसे ही स्वदेशी से ही भारत की समृद्धि को भी नई ताकत मिलेगी।



