दनादन छोड़ रहे नौकरी…कैसे होगा भूमि सर्वेक्षण का काम ? एक ही दिन में 47 विशेष कर्मी हुए आउट

बिहार में भूमि सर्वेक्षण के बीच सैकड़ों विशेष सर्वेक्षण कर्मियों ने इस्तीफा दे दिया है. दूसरी जगह नौकरी मिलने या फिर अन्य कारणों से सर्वे कर्मियों ने नौकरी छोड़ दी. 6 फरवरी को 47 विशेष सर्वेक्षण अमीनों ने नौकरी छोड़ी है. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने या इस्तीफा मंजूर किया या उन्हें अनापत्ति प्रमाण पत्र दिया है.

नौकरी छोड़ने का सिलसिला जारी 

शेखपुरा बंदोबस्त कार्यालय में पदस्थापित विशेष सर्वेक्षण संविदा कर्मी को अनापत्ति प्रमाण पत्र दिया गया है. बिहार तकनीकी सेवा आयोग द्वारा कनीय अभियंता के पद पर चयन होने के बाद बंदोबस्त पदाधिकारी शेखपुरा की अनुशंसा के आलोक में भू अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय ने श्रीमती राजनंदनी को अनापत्ति प्रमाण पत्र निर्गत किया है .वहीं बांका बंदोबस्त कार्यालय में पदस्थापित दो विशेष सर्वेक्षण अमीनो ने त्यागपत्र दिया है. जिसे विभाग ने स्वीकृत कर लिया है. प्रदीप कुमार यादव और लवकुश कुमार विशेष सर्वेक्षण अमीन ने इस्तीफा दिया है .

नालंदा के 38 सर्वेक्षण अमीनों ने एक दिन में मिला एनओसी  

बंदोबस्त पदाधिकारी दरभंगा की अनुशंसा के आलोक में पांच विशेष सर्वेक्षण अमीनो का त्यागपत्र स्वीकृत किया गया है .ये हैं अजीत कुमार, प्रवीण कुमार, निवेदिता कुमारी, दीपशिखा और श्रीकांत गुप्ता . पटना के बंदोबस्त पदाधिकारी की अनुशंसा के आलोक में विशेष सर्वेक्षण अमीन ज्योति कुमारी को अनापत्ति प्रमाण पत्र निर्गत किया गया है .इनका चयन कनीय अभियंता के पद पर हुआ है . वहीं नालंदा के बंदोबस्त पदाधिकारी की अनुशंसा के आलोक में 38 विशेष सर्वेक्षण अमीन को अनापत्ति प्रमाण पत्र निर्गत किया गया है. इस तरह से एक दिन 47 कर्मियों ने नौकरी छोड़ दी.

  • Related Posts

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *