नए साल के जश्न से पहले पटना पुलिस ने साइबर क्राइम को लेकर आम लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ‘हैप्पी न्यू ईयर’ जैसे मैसेज के जरिए साइबर अपराधी लोगों को ठग सकते हैं, जिससे उनके बैंक खातों से पैसे उड़ाए जा सकते हैं।
डिज़ाइन किए गए मैसेज से हो सकता है साइबर फ्रॉड
पटना साइबर पुलिस को आशंका है कि नए साल के मौके पर साइबर अपराधी खास तौर पर डिजाइन किए गए ‘हैप्पी न्यू ईयर’ मैसेज भेज सकते हैं। इन मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल या बैंकिंग ऐप हैक हो सकता है।
पिछले साल भी ऐसे कई मामले सामने आए थे, जहां लिंक खोलते ही लोगों के खातों से पैसे गायब हो गए थे।
अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने की अपील
पटना पुलिस ने साफ तौर पर अपील की है कि किसी भी अज्ञात नंबर से आए मैसेज या लिंक पर क्लिक न करें।
साथ ही ऐसे मैसेज को डाउनलोड करने से भी बचने की सलाह दी गई है। पुलिस ने कहा है कि बच्चों को भी इस तरह के साइबर फ्रॉड के बारे में जागरूक करना जरूरी है, ताकि वे अनजान लोगों के संपर्क में न आएं।
सरकारी योजनाओं के नाम पर भी हो रहा फर्जीवाड़ा
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सरकारी योजनाओं के नाम पर भी साइबर ठगी के मामले सामने आ रहे हैं।
लुभावने मैसेज और कॉल के जरिए लोगों से पैसे ऐंठे जा सकते हैं, इसलिए किसी भी योजना से जुड़ी जानकारी को केवल आधिकारिक स्रोत से ही सत्यापित करें।
सोशल मीडिया पर जागरूकता अभियान शुरू करेगा साइबर थाना
इस खतरे को देखते हुए पटना साइबर थाना सोमवार से सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता अभियान शुरू करेगा।
इसके तहत लोगों को साइबर क्राइम से बचाव के तरीके बताए जाएंगे।
सिम लॉक रखने की सलाह
साइबर क्राइम से बचाव के लिए पुलिस ने मोबाइल सिम को लॉक रखने की सलाह दी है।
इससे अपराधी बैंक खाते और ओटीपी तक आसानी से पहुंच नहीं बना पाएंगे।


