
पटना जिले के सरकारी स्कूलों में बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए जिला शिक्षा कार्यालय ने नई गाइडलाइन जारी की है। सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों और विद्यालय अवर निरीक्षकों को स्कूलों में बच्चों के लिए पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्वशिक्षा अभियान) कृतिक वर्मा द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि स्कूल परिसरों में सभी चापाकल और बोरिंग चालू स्थिति में रहें। जहां खराबी हो, वहां तत्काल मरम्मत कराने को कहा गया है।
स्कूलों में लागू होंगे ये विशेष निर्देश
- सभी स्कूलों में मिट्टी का घड़ा रखना अनिवार्य
- बच्चों को समय-समय पर पानी पीने के लिए घंटी बजाई जाएगी
- सूती और हल्के रंग के कपड़े पहनकर आने की सलाह
- ग्लूकोज, नींबू पानी और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने पर जोर
- तेज धूप में खेलकूद और बाहरी गतिविधियों पर रोक
लू से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान
गाइडलाइन में स्कूलों को “क्या करें और क्या न करें” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम चलाने का निर्देश दिया गया है। बच्चों को गर्मी और लू से बचने के उपाय बताए जाएंगे। अभिभावकों को भी सलाह दी जाएगी कि बच्चे घर से निकलते समय टोपी, गमछा या छाता लेकर आएं।
खानपान को लेकर भी सलाह
विद्यालयों को बच्चों को ताजा और पका हुआ भोजन खाने के लिए प्रेरित करने तथा बासी भोजन से बचने की सलाह देने को कहा गया है। लू लगने की स्थिति में आम का पन्ना, सत्तू का घोल और नारियल पानी देने की भी सलाह दी गई है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम “सुरक्षित शनिवार” के तहत बच्चों को आपदाओं और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी भी दी जाएगी।


