सीबीसी पटना के जागरूकता अभियान के दूसरे दिन केंद्रीय योजनाओं पर आधारित क्विज और परिचर्चा का आयोजन

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), पटना द्वारा ‘विकसित भारत @ 2047’ विषय पर आयोजित तीन दिवसीय चित्र प्रदर्शनी सह जागरूकता अभियान के दूसरे दिन बुधवार को महाराजा महाविद्यालय, आरा में केंद्रीय सरकार की योजनाओं पर आधारित क्विज और परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आम नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पद्मश्री सम्मानित भीम सिंह भवेश रहे। उनके नेतृत्व में आयोजित परिचर्चा के दौरान केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। परिचर्चा के माध्यम से उपस्थित लोगों को योजनाओं की उपयोगिता, पात्रता और लाभ से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि सहित उपस्थित नागरिकों ने चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया, जिसमें सरकार की प्रमुख योजनाओं और विकास कार्यों को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया था। इसके पश्चात जागरूकता क्विज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। क्विज में केंद्र सरकार की योजनाओं से जुड़े प्रश्न पूछे गए और सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को मंच से स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विभागीय लोक-सांस्कृतिक कलाकारों द्वारा केंद्र सरकार की योजनाओं पर आधारित लोकगीत और नाटक की प्रस्तुति दी गई, जिसके माध्यम से आम लोगों के बीच जागरूकता का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीबीसी, पटना के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी प्रकाश कुमार सिंह ने कहा कि इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं तभी सफल होंगी, जब आम लोग उनसे जुड़ेंगे और उनका लाभ लेंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि तीन दिवसीय इस जागरूकता अभियान के अंतर्गत डाक विभाग द्वारा प्रतिदिन आधार सुधार, डाक बीमा सहित अन्य सेवाएं मौके पर ही उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है।

कार्यक्रम का संचालन सहायक क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी अमरेंद्र मोहन ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी प्रकाश कुमार सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर पत्रकार राजू कुमार, मुकेश सिंह, विभागीय लोक-सांस्कृतिक कलाकार, स्थानीय नागरिक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

  • Related Posts

    बिहार: विकास योजनाओं की अब होगी ‘साइंटिफिक’ मॉनिटरिंग; ACS एन. विजयलक्ष्मी ने किया कार्यशाला का उद्घाटन, बोलीं- ‘अफसर न होती तो एंथ्रोपोलॉजिस्ट होती’

    Share Add as a preferred…

    Continue reading