भागलपुर | लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी (LBSNAA), मसूरी के निदेशक श्रीराम तारिणिकांती ने रविवार (8 फरवरी 2026) को भागलपुर के समीक्षा भवन में IAS, IPS और जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ मैराथन संवाद किया। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि एक सच्चा लीडर वही है जो अपनी टीम को साथ लेकर चले।
1. सबसे बड़ी नसीहत: “मातहतों को तैयार करें”
निदेशक ने अधिकारियों से कहा- “आप सभी को एकेडमी में बेहतरीन ट्रेनिंग मिली है, लेकिन आपके अधीनस्थ (Subordinates) कर्मियों को नहीं। उनकी क्षमता बढ़ाना (Capacity Building) आपकी जिम्मेदारी है। उनके सोचने का दायरा बढ़ाएं, ताकि पूरा विभाग एक टीम भावना (Team Spirit) के साथ काम कर सके।”
2. बजट का मंत्र: “जनता के पैसे पर फोकस करें”
काम करने के तरीके पर बात करते हुए उन्होंने बजट को लेकर अहम टिप दिया।
- प्लान बजट: उन्होंने कहा कि अधिकारियों को नन-प्लान बजट (वेतन/रखरखाव) से ज्यादा प्लान बजट (योजना/विकास) पर फोकस करना चाहिए।
- वजह: प्लान बजट का पैसा सीधे तौर पर आम जनता के कल्याण और विकास कार्यों में लगता है। इससे विभाग की उपलब्धियां तेजी से बढ़ेंगी।
3. एक-एक कर सबकी सुनी, फिर दिए टिप्स
संवाद कार्यक्रम में उन्होंने बारी-बारी से अधिकारियों से उनके विभाग का हाल जाना।
- इनसे की बात: अपर समाहर्ता (ADM) दिनेश राम, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राकेश रंजन, एडीएम आपदा कुंदन कुमार, पीजीआरओ धीरेंद्र कुमार मिश्रा, महाप्रबंधक (उद्योग) खुशबू कुमारी, सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा) अंकिता चौधरी समेत कृषि और पीएचईडी के अधिकारियों से उनके काम करने के तरीके पर चर्चा की।
ये दिग्गज रहे मौजूद
बैठक में प्रमंडलीय आयुक्त अवनीश कुमार सिंह, डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी, एसएसपी प्रमोद कुमार यादव, नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार, डीडीसी प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त किसलय कुशवाह और सहायक समाहर्ता जतिन कुमार समेत जिले के तमाम बड़े अधिकारी मौजूद रहे।


