बिहार में अभी नहीं मिलेगी गर्मी से राहत! पटना समेत कई जिलों में उमस बढ़ेगी, 27 जून से बारिश के आसार

पटना: बिहार में फिलहाल लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम सामान्य रहेगा, जबकि पटना, गया समेत कई इलाकों में लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल किसी भी जिले के लिए बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

इन जिलों में छाए रह सकते हैं बादल

मौसम विभाग के अनुसार किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और कटिहार जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। हालांकि व्यापक बारिश की संभावना फिलहाल नहीं है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि दर्ज की जा सकती है।

बक्सर और कैमूर रहे सबसे गर्म

पिछले 24 घंटे के दौरान बिहार में सबसे अधिक तापमान बक्सर और कैमूर में दर्ज किया गया। दोनों जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं पटना, नालंदा, शेखपुरा, गोपालगंज, लखीसराय, बेतिया और कैमूर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। कई जिलों में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही।

बिहार तक पहुंचा मानसून, लेकिन असर कमजोर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून की उत्तरी सीमा बिहार तक पहुंच चुकी है, लेकिन अभी इसका प्रभाव पूरे राज्य में स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहा है। पंजाब से बिहार तक फैला मौसमी ट्रफ और निचले स्तर पर चल रही पछुआ हवाएं दक्षिण बिहार की ओर नमी के प्रवाह को प्रभावित कर रही हैं।

इसके कारण बड़े पैमाने पर बादलों का विकास नहीं हो पा रहा है और बारिश कुछ सीमित क्षेत्रों तक ही सिमट कर रह गई है।

24 से 26 जून के बीच बढ़ सकती है गतिविधियां

मौसम विभाग का अनुमान है कि 24 से 26 जून के बीच बिहार में मानसूनी गतिविधियां धीरे-धीरे बढ़नी शुरू होंगी। वहीं 27 और 28 जून तक राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बंगाल की खाड़ी से नमी का प्रवाह मजबूत होता है और पछुआ हवाओं का असर कम होता है, तो मानसून पूरे बिहार में सक्रिय हो सकता है।

पटना में रहेगा उमस भरा मौसम

राजधानी पटना में मंगलवार को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। हालांकि दिनभर उमस बनी रहेगी। अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हवा में नमी अधिक होने के कारण लोगों को वास्तविक तापमान से अधिक गर्मी महसूस होगी।

कुछ स्थानों पर बादल बन सकते हैं, लेकिन फिलहाल व्यापक बारिश की संभावना नहीं है।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय तेज धूप और उमस से बचने की सलाह दी है। विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को पर्याप्त पानी पीने तथा जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

राज्य में अब सभी की नजरें 27 जून के बाद संभावित मानसूनी बारिश पर टिकी हैं, जिससे गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

  • ये भी पढ़े..

    भरत तिवारी एनकाउंटर पर बढ़ा सियासी बवाल, बिलौटी गांव में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का किया गया प्रतीकात्मक श्राद्ध

    Share Add as a preferred…

    भागलपुर में बोरे से मिली महिला की लाश, रेलवे हॉल्ट के पास सनसनी; हत्या की आशंका से दहशत

    Share Add as a preferred…