
पटना: आज पटना में हुई जेडीयू विधायक दल की अहम बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधायकों को साफ संदेश दिया कि वे अब ज्यादा समय जनता और पार्टी संगठन को देंगे। बैठक में मोकामा विधायक अनंत सिंह भी शामिल हुए और बाद में मीडिया से बातचीत में कई अहम बातें साझा कीं।
अनंत सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधायकों को निर्देश दिया है कि वे लगातार अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहें और जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि बैठक में यह भी संदेश दिया गया कि इस बार पार्टी का लक्ष्य 200 सीटें जीतने का है।
अनंत सिंह के अनुसार, नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि जैसे वे पहले जनता और विधायकों के बीच सक्रिय रहते थे, वैसे ही आगे भी अधिक समय जनता के साथ बिताएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के विधायकों से नियमित मुलाकात जारी रहेगी और संगठन को और मजबूत किया जाएगा।
विधायक दल का नेता चुने जाने के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि “नीतीश कुमार ही मालिक हैं, वही तय करेंगे कि किसे क्या जिम्मेदारी देनी है।”
वहीं जब उनसे मुख्यमंत्री के बेटे निशांत कुमार को लेकर बैठक में किसी चर्चा के बारे में पूछा गया तो उन्होंने साफ कहा कि इस मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं हुई।
बिहार में शराबबंदी से हो रहे नुकसान पर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि उन्होंने अपनी राय पहले ही रख दी है। उन्होंने कहा, “हम सरकार के मालिक नहीं हैं, हमने जो सही समझा वह बोल दिया। अगर कोई उसे नहीं मानता तो इसमें हम क्या कर सकते हैं।”



