
सोमवार (06 अप्रैल 2026): राजधानी पटना में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान उस वक्त दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सामने ‘निशांत कुमार जिंदाबाद’ और ‘बिहार का सीएम निशांत कुमार’ जैसे नारे लगाए गए। इस अप्रत्याशित माहौल में मुख्यमंत्री का शांत और संयमित रुख चर्चा का विषय बन गया।
नारे सुनकर मुस्कुराए मुख्यमंत्री
कार्यक्रम के दौरान जैसे ही भीड़ से निशांत कुमार के समर्थन में नारे लगने लगे, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंच से नीचे उतरते हुए हाथ जोड़कर मुस्कुराते नजर आए। उन्होंने किसी तरह की प्रतिक्रिया देने के बजाय सभी का अभिवादन किया और आगे बढ़ गए। इस दौरान ‘नीतीश कुमार जिंदाबाद’ के नारे भी गूंजते रहे।
विधान परिषद अतिथि निवास का उद्घाटन
मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में बिहार विधान परिषद सदस्यों के लिए बनाए गए नए अतिथि निवास (गेस्ट हाउस) के उद्घाटन के लिए पहुंचे थे। इस अवसर पर उन्होंने नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
आधुनिक सुविधाओं से लैस है गेस्ट हाउस
यह गेस्ट हाउस पांच मंजिला भवन है, जिसमें बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और चार अन्य मंजिलें शामिल हैं। इसमें कुल 30 सुइट रूम बनाए गए हैं, जिनमें ड्राइंग रूम, किचन और शौचालय सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा चार लाउंज और एक सुरक्षा लाउंज भी बनाया गया है। भवन में आठ लोगों की क्षमता वाला लिफ्ट भी लगाया गया है।
कैंटीन, पुस्तकालय और सामुदायिक केंद्र का भी उद्घाटन
गेस्ट हाउस के साथ-साथ मुख्यमंत्री ने कैंटीन एवं पुस्तकालय भवन और एक सामुदायिक केंद्र का भी उद्घाटन किया। कैंटीन दो मंजिला है, जिसमें डाइनिंग हॉल, किचन, स्टोर और अन्य आवश्यक सुविधाएं मौजूद हैं। वहीं, पुस्तकालय में रीडिंग हॉल और कार्यालय कक्ष की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर मीडिया को सीमित दूरी पर रखा गया था।
सियासी हलकों में चर्चा तेज
कार्यक्रम में लगे नारों और मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि मुख्यमंत्री ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की, लेकिन यह घटनाक्रम राज्य की राजनीति में नए संकेतों के रूप में देखा जा रहा है।


