बिहार में नवविवाहिता की जलाकर हत्या का आरोप, सोने की चेन को लेकर दहेज विवाद

बिहार के नालंदा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। थरथरी थाना क्षेत्र के मेहतरामा गांव में एक नवविवाहिता का अधजला शव ससुराल में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान 20 वर्षीय स्तुति कुमारी के रूप में हुई है, जो मणिकांत कुमार उर्फ पिंटू की पत्नी थी। मायके पक्ष ने सोने की चेन के लिए हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुबह मिली मौत की सूचना, घर से फरार थे ससुराल पक्ष

मृतका के पिता सतीश कुमार, जो बिहारशरीफ के दीपनगर थाना क्षेत्र के तुंगी गांव के रहने वाले हैं, ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 6 बजे फोन कर बेटी की मौत की सूचना दी गई। जब परिजन मेहतरामा गांव पहुंचे तो ससुराल पक्ष घर छोड़कर फरार मिला, जबकि स्तुति का जला हुआ शव घर में पड़ा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सोने की चेन को लेकर प्रताड़ना का आरोप

मृतका के चाचा अभय सिंह ने आरोप लगाया कि शादी के समय दामाद ने दहेज के अलावा 2 लाख 26 हजार रुपये की सोने की चेन की मांग की थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण चेन नहीं दी जा सकी, जिसके बाद स्तुति को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने बताया कि पहले भी उसके साथ मारपीट हुई थी, जिसकी तस्वीरें मोबाइल में मौजूद हैं।

अभय सिंह का कहना है कि फोन पर करंट लगने से मौत की बात कही गई थी, लेकिन मौके पर पहुंचने पर स्पष्ट हुआ कि स्तुति को जिंदा जलाकर मारा गया है। उन्होंने पति, सास-ससुर और देवर पर हत्या का आरोप लगाया है।

9 महीने पहले हुई थी शादी

परिजनों के मुताबिक, स्तुति की शादी महज 9 महीने पहले हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज को लेकर विवाद चल रहा था और उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

पुलिस का बयान

हिलसा डीएसपी शैलजा ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतका के पिता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है और साक्ष्य संकलन किया जा रहा है।

डीएसपी ने कहा कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


 

  • Related Posts

    503 कार्टन शराब छोड़ने के बदले 10 लाख की डील! वर्दी पर दाग—वायरल वीडियो से बेतिया पुलिस में हड़कंप

    Share Add as a preferred…

    Continue reading