दरभंगा में न्यू ईयर पार्टी बनी मौत की पार्टी, दो दोस्तों की बेरहमी से हत्या; एक शव खेत में, दूसरा जमीन में दफन

दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले में नए साल के जश्न के दौरान दो युवकों की नृशंस हत्या से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। मृतकों की पहचान मन्ना महतो और बादल मंडल के रूप में हुई है। यह सनसनीखेज मामला सदर थाना क्षेत्र के कबीरचक गांव का है, जहां दोस्तों के बीच हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया।

न्यू ईयर पार्टी के दौरान हुआ विवाद

घटना 1 जनवरी की रात करीब 9 बजे की है। जानकारी के अनुसार, आठ दोस्त मिलकर न्यू ईयर पार्टी मना रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो धीरे-धीरे हिंसक झगड़े में तब्दील हो गया। आरोप है कि इसी विवाद में आरोपियों ने मन्ना महतो और बादल मंडल पर हमला कर उनकी हत्या कर दी।

एक शव खेत में मिला, दूसरे को जमीन में दबाया

घटना के बाद दोनों युवक लापता हो गए। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तलाश शुरू की।
शनिवार को मन्ना महतो का शव गेहूं के खेत से बरामद किया गया। पुलिस पूछताछ के दौरान एक आरोपी ने खुलासा किया कि बादल मंडल की भी हत्या की गई है और उसके शव को छिपा दिया गया है।

तीन दिन बाद जमीन से निकला दूसरा शव

रविवार को गिरफ्तार आरोपी छोटू की निशानदेही पर पुलिस ने मिल्कीचक गांव के एक बगीचे में गड्ढा खुदवाया। वहां से बादल मंडल का शव बरामद हुआ। शव के हाथ-पैर बंधे हुए थे और उसे मिट्टी से ढककर छिपाया गया था।

आठ दोस्तों पर हत्या का आरोप, एक गिरफ्तार

पुलिस ने अनिल कुमार के पुत्र छोटू को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में कुल आठ दोस्तों पर हत्या का आरोप है।
मृतक बादल मंडल के भाई गुड्डू ने बताया कि पार्टी के दौरान बादल और ऋतिक के बीच विवाद हुआ था, जो बढ़ते-बढ़ते जानलेवा साबित हुआ।

“1 जनवरी की रात सभी दोस्त पार्टी करने गए थे। वहीं बादल और ऋतिक के बीच विवाद हुआ। झगड़ा इतना बढ़ गया कि बादल और उसके दोस्त की हत्या कर दी गई। बादल के शव को हाथ-पैर बांधकर गड्ढे में दफना दिया गया।”
— गुड्डू, मृतक का भाई

पुलिस क्या कह रही है

एसडीपीओ राजीव कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद का लग रहा है, हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है।

“प्रारंभिक जांच में दोस्तों के बीच आपसी विवाद सामने आया है। आठ लोगों पर हत्या का आरोप है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिसकी निशानदेही पर शव बरामद हुआ।”
— राजीव कुमार, एसडीपीओ

इलाके में दहशत, भारी पुलिस बल तैनात

दोनों शव मिलने के बाद गांव और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।


 

  • Related Posts

    मुजफ्फरपुर: पुलिस और बदमाशों के बीच भीषण मुठभेड़; ASI को गोली मारने वाले कुख्यात पप्पू साहनी का ‘एनकाउंटर’, दोनों अस्पताल में भर्ती

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    मुजफ्फरपुर में ‘घूसखोर’ अफसर पर निगरानी का शिकंजा; 50 हजार लेते रंगे हाथ धराए कृषि पदाधिकारी और ड्राइवर, खाद दुकानदार को कर रहे थे ब्लैकमेल

    Share Add as a preferred…

    Continue reading