भागलपुर में अनोखे अंदाज़ में मनाया गया नववर्ष 2026, अभिनेत्री संचिता बसु ने बेसहारा लोगों के साथ किया स्वागत

रेशम नगरी भागलपुर में नववर्ष 2026 का स्वागत लोगों ने अपने-अपने अंदाज़ में किया। शहर के होटल, रेस्टोरेंट और विवाह भवनों में जहां युवा वर्ग डीजे की धुन पर जश्न मनाता नजर आया, वहीं सोशल मीडिया सेंसेशन और उभरती फिल्म अभिनेत्री संचिता बसु ने सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की।

चकाचौंध और शोर-शराबे से दूर रहते हुए संचिता बसु ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के साथ नए साल का स्वागत किया। प्राची सेवा ट्रस्ट के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में वे 31 दिसंबर की आधी रात को अपने पूरे परिवार के साथ सड़कों पर उतरीं और ठंड में खुले आसमान के नीचे रात गुजारने वाले बेसहारा लोगों तथा रिक्शा चालकों के बीच कंबल और भोजन का वितरण किया।

शहर के कई इलाकों में पहुंचाई मदद

सेवा का यह काफिला तिलकामांझी, आदमपुर, घंटाघर और कोतवाली चौक सहित शहर के विभिन्न इलाकों से होकर गुजरा। कड़ाके की ठंड में जरूरतमंदों को जब आधी रात को गर्म कंबल और भोजन मिला, तो उनके चेहरों पर आई मुस्कान ने नए साल के जश्न को और भी अर्थपूर्ण बना दिया।

पूरे परिवार ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी

इस सेवा कार्य में संचिता बसु के साथ उनका पूरा परिवार मौजूद रहा। मौके पर उनकी माता वीणा देवी, पिता सुलेन्द्र कुमार, भाई अश्वनी के अलावा चंदन कुमार, जुली देवी, नीतू कुमारी और दीपक कुमार भी शामिल थे। सभी ने मिलकर न सिर्फ सामग्री का वितरण किया, बल्कि जरूरतमंदों से बातचीत कर उनका हाल-चाल भी जाना।

समाज के लिए प्रेरणादायक पहल

मीडिया से बातचीत के दौरान इस पहल की सराहना करते हुए कहा गया कि आज के दौर में जब अधिकतर युवा व्यक्तिगत खुशियों तक सीमित रहते हैं, ऐसे में संचिता बसु जैसी युवा कलाकार द्वारा सामाजिक जिम्मेदारी को प्राथमिकता देना प्रेरणादायक है। अभिनेत्री और उनके परिवार की यह पहल भागलपुर में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग खुले दिल से इसकी सराहना कर रहे हैं।


 

  • Related Posts