NEET छात्रा मौत मामला: जन सुराज का सरकार पर हमला, कहा–13 करोड़ जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी बिहार सरकार की

पटना में NEET की तैयारी कर रही छात्रा संदिग्ध मौत के मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में उबाल लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को जन सुराज के वरिष्ठ नेताओं ने पटना के पाटलीपुत्र स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए।

‘देरी ने बिगाड़ दी न्याय की प्रक्रिया’

पूर्व अपर पुलिस महानिदेशक (हिमाचल) जेपी सिंह ने कहा कि इतने लंबे समय के बाद इस मामले को CBI को सौंपना इस बात का संकेत है कि राज्य प्रशासन अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहा है। उन्होंने कहा कि जब किसी मामले में शुरुआत से ही सही दिशा में जांच नहीं होती, तो बाद में निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं।

जेपी सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह सिर्फ एक केस नहीं, बल्कि पूरी कानून-व्यवस्था पर सवाल है। सरकार को यह बताना होगा कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद समय रहते ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

‘अब न पोस्टमार्टम संभव, न सबूतों की स्वतंत्र जांच’

पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व एमएलसी रामबली चंद्रवंशी ने कहा कि मामले में हुई देरी से न्याय प्रक्रिया को भारी नुकसान पहुंचा है। अब न तो पीड़िता का दोबारा पोस्टमार्टम संभव है और न ही कई अहम साक्ष्यों की स्वतंत्र जांच हो सकती है।

उन्होंने कहा कि इस तरह की लापरवाही सीधे तौर पर न्याय को प्रभावित करती है। इसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार और प्रशासनिक तंत्र पर तय होनी चाहिए।

‘13 करोड़ जनता की सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी’

रामबली चंद्रवंशी ने कहा कि बिहार सरकार केवल सत्ता चलाने के लिए नहीं है, बल्कि 13 करोड़ लोगों की सुरक्षा और उनके साथ न्याय सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार है। अगर ऐसे मामलों में सरकार गंभीर नहीं होती, तो जनता का भरोसा व्यवस्था से उठने लगता है।

‘जनता के साथ सड़क पर उतरकर सवाल उठाएंगे’

जन सुराज ने साफ कहा कि जब तक इस पूरे मामले में पारदर्शी और ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक संगठन जनता के साथ खड़ा रहकर लगातार सवाल उठाता रहेगा। पार्टी का कहना है कि यह सिर्फ एक परिवार का दर्द नहीं, बल्कि पूरे समाज का सवाल है।

कानून-व्यवस्था पर भी उठे सवाल

प्रेस वार्ता में यह भी कहा गया कि बिहार में कानून-व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है। आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पुलिस को अपनी कार्यशैली में बदलाव लाकर निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।

ये नेता रहे मौजूद

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व अपर पुलिस महानिदेशक (हिमाचल) जेपी सिंह, जन सुराज के वरिष्ठ नेता व पूर्व एमएलसी रामबली चंद्रवंशी और पार्टी प्रवक्ता सोनाली आनंद मौजूद रहीं।

जन सुराज का कहना है कि यह लड़ाई सिर्फ एक केस तक सीमित नहीं है, बल्कि न्याय और जवाबदेही की लड़ाई है, जो तब तक जारी रहेगी जब तक पीड़िता को इंसाफ नहीं मिल जाता।

  • ये भी पढ़े..

    CBSE रिजल्ट में बड़ा उलटफेर! री-इवैल्यूएशन के बाद 95.2% से सीधे 100%, रांची की अवनी केजरीवाल बनीं ऑल इंडिया टॉपर

    Share Add as a preferred…

    बिहार के सरकारी स्कूलों में बड़ा बदलाव: अब हर 30 छात्रों पर मिलेगा 1 शिक्षक, नई गाइडलाइन जारी

    Share Add as a preferred…