जमीन और मकान अपने नाम कराने के लिए बेटों ने माता-पिता को पीटा, वृद्ध दंपती ने थाने पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार

नवगछिया: भागलपुर जिले के नवगछिया थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जमीन और मकान अपने नाम कराने के विवाद में दो बेटों और उनकी पत्नियों पर वृद्ध माता-पिता के साथ मारपीट करने तथा घर से निकालने की धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़ित दंपती ने थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मामला नवगछिया थाना क्षेत्र के प्रोफेसर कॉलोनी का है। पीड़ित दंपती का आरोप है कि जिन बच्चों के पालन-पोषण और बेहतर भविष्य के लिए उन्होंने पूरी जिंदगी मेहनत की, वही अब उनकी संपत्ति अपने नाम कराने के लिए उन पर दबाव बना रहे हैं। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।

दोनों बेटों और बहुओं पर गंभीर आरोप

पीड़िता किरण देवी (48) और उनके पति गोपाल साह (55) ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके दोनों बेटे कन्हैया साह और दीपक साह, तथा उनकी पत्नियां सपना देवी और अंशु देवी लगातार मकान और जमीन अपने नाम लिखवाने का दबाव बना रही हैं। जब उन्होंने ऐसा करने से इनकार किया तो चारों ने उनके साथ मारपीट की और घर छोड़ने की धमकी दी।

इलाज के बाद थाने पहुंचे पीड़ित

मारपीट में घायल होने के बाद वृद्ध दंपती ने पहले अनुमंडल अस्पताल में इलाज कराया। इसके बाद वे नवगछिया थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया कि संपत्ति को लेकर उन्हें लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।

बेटी के घर लेने पड़ी शरण

पीड़िता ने बताया कि बेटों और बहुओं के व्यवहार से हालात इतने बिगड़ गए कि उन्हें अपना घर छोड़कर बेटी के यहां शरण लेनी पड़ी। उनका कहना है कि आए दिन उनके साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और मारपीट की जाती है, जिससे वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

पुलिस से की कार्रवाई की मांग

वृद्ध दंपती ने दोनों बेटों और उनकी पत्नियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

बढ़ रहे हैं पारिवारिक संपत्ति विवाद

स्थानीय लोगों का कहना है कि संपत्ति को लेकर परिवारों में विवाद के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे मामलों में अक्सर बुजुर्ग माता-पिता को मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है। पुलिस ने लोगों से पारिवारिक विवादों को बातचीत के माध्यम से सुलझाने की अपील की है और कहा है कि यदि किसी बुजुर्ग के साथ अत्याचार होता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

  • ये भी पढ़े..

    राशन कार्ड से कट सकता है आपका नाम! जानिए किन लोगों पर चल रही कार्रवाई, क्या हैं नियम और नाम हट जाए तो कैसे होगा दोबारा शामिल

    Share Add as a preferred…

    सहरसा में निकाह के भोज में मटन की जगह चिकन परोसने पर बवाल: बारात में जमकर मारपीट, कई लोग घायल

    Share Add as a preferred…