
सहरसा | बिहार के सहरसा जिले के महिषी प्रखंड स्थित राजनपुर गांव में एक निकाह समारोह उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब भोज के दौरान परोसे गए खाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। दूल्हा पक्ष का आरोप है कि उन्हें मटन (खस्सी का मीट) खिलाने का वादा किया गया था, लेकिन भोज में चिकन परोसा गया। इसी बात को लेकर शुरू हुई बहस देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
निकाह के बाद भड़का विवाद
जानकारी के अनुसार, नगर परिषद सिमरी बख्तियारपुर के वार्ड संख्या-12 बलवापार निवासी मो. अनवर के पुत्र मो. अब्दुल्ला उर्फ चांद का निकाह महिषी प्रखंड के राजनपुर निवासी मो. जाविद उर्फ मोटो की पुत्री के साथ संपन्न हुआ।
निकाह की रस्में शांतिपूर्ण ढंग से पूरी होने के बाद जब भोज शुरू हुआ, तभी भोजन को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
लाठी-डंडों से हमला, कई बाराती घायल
दूल्हा पक्ष के विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।
आरोप है कि लड़की पक्ष के कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें—
- मो. आशिक
- मो. इरफान
- मो. हसन
- मो. अब्बास
- मो. जब्बार
- मो. आतिफ
- मो. महबूब
सहित आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
अस्पताल में चल रहा इलाज
घायलों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल, सिमरी बख्तियारपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायल मो. इरफान ने आरोप लगाया कि भोजन को लेकर विरोध जताने पर अचानक हमला कर दिया गया, जिससे कई बाराती घायल हो गए।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
सहरसा सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निकाह के भोज में मटन की जगह चिकन परोसे जाने को लेकर विवाद हुआ, जो बाद में मारपीट में बदल गया।
उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों से आवेदन मिलने के बाद मामले की विस्तृत जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
दूल्हा पक्ष करेगा शिकायत
दूल्हा पक्ष ने आरोप लगाया है कि उनके साथ वादा खिलाफी की गई और विरोध करने पर मारपीट की गई। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।
फिलहाल घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


