भागलपुर | 30 जुलाई 2025: नाथनगर विधानसभा क्षेत्र में विकास की भारी कमी को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) नेता एवं पूर्व प्रत्याशी अमर कुशवाहा ने वर्तमान राजद विधायक असरफ अली सिद्दीकी पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि नाथनगर क्षेत्र आज भी विकास से कोसों दूर है और मौजूदा विधायक के निष्क्रियता के कारण यह क्षेत्र 15 साल पीछे चला गया है।
स्वास्थ्य का हवाला देकर विधायक निष्क्रिय: अमर कुशवाहा
अमर कुशवाहा ने कहा कि विधायक असरफ अली सिद्दीकी ने अपने स्वास्थ्य का हवाला देकर क्षेत्र की समस्याओं की अनदेखी की है। “नाथनगर की जनता बिजली, पानी, और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझ रही है। ऐसे में एक विधायक का निष्क्रिय रहना जनता के साथ अन्याय है,” उन्होंने कहा।
बाढ़ राहत में भी लूट का आरोप
नाथनगर विधानसभा का एक बड़ा हिस्सा बाढ़ प्रभावित क्षेत्र माना जाता है। इस पर भी अमर कुशवाहा ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि “यहां बाढ़ राहत के नाम पर लूट मची हुई है, लेकिन पीड़ितों को कोई लाभ नहीं मिलता। न तो राहत शिविर कारगर हैं, न ही पुनर्वास की कोई व्यवस्था।”
“रिटायर्ड विधायक को दें विश्राम”: अमर कुशवाहा की जनता से अपील
अपने वक्तव्य के अंत में अमर कुशवाहा ने जनता से इस बार बदलाव लाने की अपील करते हुए कहा, “नाथनगर को अब एक सक्रिय और विकासशील नेतृत्व की आवश्यकता है। जनता ऐसे ‘रिटायर्ड’ सोच रखने वाले व्यक्ति को इस बार चुनाव से बाहर करे और ऐसे उम्मीदवार को समर्थन दे जो विकास की गारंटी दे सके।”


