कार सवार बदमाशों ने यात्री से मोबाइल, नगदी और एटीएम कार्ड लूटा था, पुलिस ने वाहन व लूट का सामान बरामद किया
मुजफ्फरपुर, 16 सितंबर 2025।नगर थाना क्षेत्र में बीते 8 सितंबर को हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस कांड में शामिल चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से लूट की गई संपत्ति और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि यह एक अंतरजिला गिरोह है, जो मुजफ्फरपुर समेत आसपास के जिलों में सक्रिय रहा है।
घटना का विवरण
8 सितंबर की सुबह नगर थाना क्षेत्र के इमलीचट्टी बस स्टैंड के पास वादी रघुनाथ झा (निवासी- कुशहर, जिला शिवहर) को कार सवार बदमाशों ने लिफ्ट देने के बहाने गाड़ी में बैठाया और फिर उनका मोबाइल, 4,300 रुपये नगद और दो एटीएम कार्ड लूट लिए।
घटना की प्राथमिकी नगर थाना कांड संख्या 496/25 दर्ज की गई थी।
विशेष टीम का गठन
कांड की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर व अपर पुलिस अधीक्षक नगर-01 के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में जिला आसूचना इकाई और नगर थाना पुलिस को शामिल किया गया।
टीम ने तकनीकी इनपुट, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय खुफिया जानकारी पर काम किया।
गिरफ्तार अपराधी
पुलिस ने छापेमारी कर चार अपराधियों को गिरफ्तार किया—
- शत्रुधन सहनी, पिता- राम अयोध्या सहनी, निवासी- रघुनाथपुर, थाना- रघुनाथपुर, जिला- मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)
- विकास कुमार राय, पिता- रंगी लाल राय, निवासी- बरई घाट, थाना- गंगौर, जिला- खगड़िया
- सोनू कुमार सहनी, पिता- स्व. प्रयाग सहनी, निवासी- पकड़ी डुमरिया, थाना- डुमरिया घाट, जिला- मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)
- मो. राजू मियां, पिता- झगरू मियां, निवासी- रूलही, थाना- मुफ्फसिल, जिला- मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)
बरामद सामान
- लूट में प्रयुक्त चारपहिया वाहन (1)
- वादी से लूटे गए एटीएम कार्ड से निकासी कर खरीदे गए मोबाइल (4)
- वादी से लूटे गए एटीएम कार्ड (2)
- वादी का लूटा हुआ मोबाइल (1)
- अन्य मोबाइल (4)
पुलिस की बड़ी उपलब्धि
मुजफ्फरपुर पुलिस ने यह खुलासा कर साफ किया है कि यह गिरोह मुजफ्फरपुर समेत सीमावर्ती जिलों में लगातार घटनाओं को अंजाम देता रहा है। गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ जारी है और पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।


